चरखी दादरी। सूबे का सबसे छोटा चरखी दादरी जिला मोटा खनन राजस्व दे रहा है। पिछले तीन साल में इस जिले के खनन विभाग ने सरकार को 9.46 अरब रुपये का खनन राजस्व दिलाया है। वित्त वर्ष 2023-24 में राजस्व आंकड़ा 3.16 अरब रुपये है। इसकी बदौलत यह जिला राजस्व वसूली में नंबर एक है।
जिले का अरावली क्षेत्र 2,303 हेक्टेयर में फैला है। इसमें से 383.7 हेक्टेयर पर खनन की अनुमति है और फिलहाल 319.42 हेक्टेयर क्षेत्र में खनन कार्य चल रहा है। अरावली क्षेत्र का 13.85 प्रतिशत हिस्सा सरकार के लिए सोने की चिड़िया साबित हो रहा है। दादरी खनन विभाग ने इस क्षेत्र से वर्ष 2021-22 में सरकार को 2.93 अरब रुपये का राजस्व दिलाया, जबकि वर्ष 2022-23 में राजस्व आंकड़ा बढ़कर 2.95 अरब रुपये पहुंच गया। वित्त वर्ष 2023-24 में राजस्व बढ़कर 3.16 अरब रुपये हो गया है। इस आधार पर लगातार तीन साल से यह जिला खनन राजस्व देने में पूरे प्रदेश में पहले नंबर पर है। संवाद
ये हैं जिले में क्रशर जोन
जिले में पिचोपा कलां, अटेला कलां, कलियाणा, खेड़ी बत्तर, रामलवास, मानकावास, झोझूकलां, असावरी आदि क्रशन जोन हैं। इन क्षेत्रों में 230 क्रशर संचालित हैं। यहां से रोजाना 3,000 से अधिक भारी वाहन भवन निर्माण सामग्री विभिन्न जिलों समेत दूसरे प्रदेशों में पहुंचा रहे हैं।
पिछले 12 माह में चरखी दादरी से मिला राजस्व
माह - राजस्व राशि
अप्रैल 2023 - 28,95,55,749
मई 2023 - 13,16,71,503
जून 2023 - 32,53,63,137
जुलाई 2023 - 24,52,91,860
अगस्त 2023 - 47,73,49,982
सितंबर 2023 - 26,07,48,572
अक्तूबर 2023 - 17,29,08,831
नवंबर 2023 - 11,37,80,601
दिसंबर 2023 - 20,22,63,148
जनवरी 2024 - 23,74,00,300
फरवरी 2024 - 25,86,62,101
मार्च 2024 - 44,66,37,432
- इन जिलों ने भी दिया खनन राजस्व
जिला- राजस्व
महेंद्रगढ़ नारनौल- 1,32,07,80,598
भिवानी- 71,31,63,137
रोहतक- 6,56,61,839
अंबाला- 6,21,70,640
पिछले तीन वित्त वर्षों में दादरी जिले से मिला खनन राजस्व
वित्त वर्ष - राजस्व
वर्ष 2021-22- 2,93,05,52,895
वर्ष 2022-23- 2,95,45,69,484
वर्ष 2023-24- 3,16,16,33,216
जिले में 383.7 हेक्टेयर पर खनन की अनुमति है। फिलहाल 319.42 हेक्टेयर में खनन कार्य किया जा रहा है। वित्त वर्ष 2023-24 में दादरी जिले से खनन विभाग को 3.16 अरब रुपये से अधिक का राजस्व मिला है। राजस्व के मामले में दादरी प्रदेश में पहले नंबर पर है। - कोमल कुमार, जिला खनन निरीक्षक, चरखी दादरी।