चरखी दादरी। दादरी स्पेशल स्टाफ टीम ने हिमाचल-प्रदेश के कुल्लू में दबिश देकर चरस सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिंटू कुल्लू जिले के गांव माइल का रहने वाला है और उसने झज्जर के भराण गांव निवासी तस्कर को पंजाब में खेप मुहैया कराई थी।
बता दें कि 21 जनवरी को दादरी स्पेशल स्टाफ टीम ने नेशनल हाईवे-152 डी ओवरब्रिज के नीचे से भराण गांव निवासी तस्कर गोपाल को काबू किया था। आरोपी की गिरफ्तारी गुप्त सूचना के आधार पर हुई थी और उसके पास से 2.300 किलो चरस, मोबाइल, नकदी व डायरी बरामद हुई थी। उसे पुलिस ने कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए 5 दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी ने बताया कि वो चरस की खेप पंजाब से लेकर आया था।
तस्कर गोपाल से की गई पूछताछ के आधार पर तस्करी के तार हिमाचल-प्रदेश के कुल्लू जिले के गांव माइल से जुड़े मिले। आरोपी के खुलासे के आधार पर दादरी स्पेशल स्टाफ टीम ने सहायक उप निरीक्षक दिलबाग सिंह के नेतृत्व में 25 जनवरी को माइल गांव में दबिश देकर सप्लायर बिंटू को काबू कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया और वहां से जेल भेजने के आदेश हुए।