फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: अंधेरे की आड़ में सड़क पर फेंका कचरा, शराब ठेके कारिंदे समेत 5 के चालान

Wed, 19 Jun 2024 05:55 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
चरखी दादरी में चालान पर शराब ठेके के कारिंदे के हस्ताक्षर करवाती नगर परिषद की टीम। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। शहर में कचरा फैलाने वालों की अब खैर नहीं। जो भी नागरिक सड़क या गली में कचरा फेंकेगा नगर परिषद की टीम उसका चालान करेगी। नगर आयुक्त डॉ. जयेंद्र छिल्लर के निर्देशों पर सोमवार रात से मुहिम का आगाज कर दिया गया। पहले ही दिन कचरा फेंकने पर पांच लोगों के चालान किए गए। इनमें शराब ठेके का एक कारिंदा और रेहड़ी लगाने वाले चार लोग शामिल हैं।
विज्ञापन

दादरी शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार की काफी दरकार है। इसी कारण नगर आयुक्त डॉ. जयेंद्र छिल्लर नगर परिषद के अधिकारियों की हर बैठक में सफाई कराने के निर्देश देते रहते हैं। हाल ही में उनके संज्ञान में आया कि बाजार बंद होते ही कई लोग सड़क पर कचरा फेंक देते हैं जो हवा के साथ उड़कर रातभर फैलता रहता है। इससे शहर का सुंदरीकरण भी प्रभावित होता है।
सूचना मिलने पर नगर आयुक्त ने नगर परिषद की सफाई शाखा के अधिकारियों को कार्रवाई के आदेश दिए। नगर आयुक्त की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि कि शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावित करने वाले हर व्यक्ति का चालान किया जाए। उन्होंने कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर शहर में रोजाना भेजने के निर्देश दिए। उनके निर्देशों का पालन करते हुए सोमवार शाम से टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी है और पहले ही दिन पांच लोग टीम की पकड़ में आए।
विज्ञापन



- एक से पांच हजार रुपये तक जुर्माने का प्रावधान
नगर परिषद अधिकारियों के मुताबिक खुले में कचरा फेंकने पर नियमानुसार एक से पांच हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। चालान भुगतने की अंतिम तिथि 20 जून है। निर्धारित अवधि से पहले अधिकारी के समक्ष पेश होकर आरोपी अपनी जुर्माना राशि तय करवा सकता है। इसके बाद मामला कोर्ट पहुंच जाएगा।

- दो टीमों का किया गया गठन
रात के अंधेरे का फायदा उठाकर कचरा फेंकने वाले लोगों पर कार्रवाई के लिए दो टीमों का गठन किया गया है। हर टीम में तीन-तीन कर्मचारी शामिल हैं। इन दोनों टीमों का अलग-अलग क्षेत्र का शेड्यूल बनाया गया है। ये टीमें दैनिक कार्रवाई का ब्योरा उच्चाधिकारियों को देंगी।

- पहले दिन इन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
कचरा फैलाने वाले लोगों पर कार्रवाई करने के लिए पहले दिन दो टीमें आठ जगहों पर पहुंची। एक टीम ने बस स्टैंड रोड का जायजा लिया तो दूसरी टीम ने पुराना बस स्टैंड, लाला लाजपतराय चौक, पुरानी सब्जी मंडी और रेलवे रोड का निरीक्षण किया। बस स्टैंड रोड पर शराब ठेके का एक कारिंदा कचरा फेंकता पकड़ा गया। उसका चालान तत्काल किया गया। वहीं, पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में तीन लोग कचरा फेंकते पकड़े गए। लाला लाजपतराय चौक के पास भी एक आरोपी का चालान हुआ।


नगर आयुक्त के निर्देशों पर अब टीमें खुले में कचरा फेंकने वालों पर नियमित कार्रवाई करेंगी। पहले दिन पांच लोगों के चालान किए गए और वह 20 जून तक कार्यालय में उपस्थित होकर चालान राशि तय करवा सकते हैं। लोगों से अपील है कि खुले में कचरा न डालें। - विकास देशवाल, सफाई निरीक्षक, नगर परिषद, चरखी दादरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें