ग्राउंड रिपोर्ट::
- शहर की गांधी नगर कॉलोनी की गली नंबर 35 में भरा है सीवर का दूषित पानी, दो माह से लोग झेल रहे परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर के वार्ड-2 स्थित गांधी नगर कॉलोनी में सीवर समस्या चरमराई हुई है। लाइन की गंदगी गली में आई हुई है। दो माह से स्थानीय लोग समस्या का दंश झेल रहे हैं। अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ है। इसके चलते वार्डवासियों में जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ रोष बना है। लोगों ने जिला प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की है। ताकि, लोगों को राहत की सांस मिल सके।
गांधी नगर कॉलोनी की गली नंबर-35 में पिछले दो माह से सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी है। इसके चलते दूषित पानी घरों के सामने भरा हुआ है। कॉलोनीवासियों और राहगीरों का यहां से निकलना दूभर बना है। समस्या के समाधान के लिए कई बार चंपापुरी स्थित मुख्य कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई गई है, लेकिन, विभाग के अधिकारी हर बार जल्दी समाधान करवाने का नाम लेकर वापस भेज देते हैं। वार्डवासियों का कहना है कि एक बार भी विभाग ने आश्वासन को पूरा नहीं किया है।
दूसरी ओर विभाग की ओर से बरती जा रही लापरवाही से लोगों में लगातार रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने प्रशासन के अधिकारियों से समस्या का स्थायी समाधान करवाने की मांग की है। वार्डवासियों का कहना है कि अगर एक सप्ताह में मैनहोल की सफाई नहीं करवाई गई तो वे कड़ा कदम उठाने के लिए विवश होंगे।
- दो हजार से अधिक लोगों का होता है आवागमन
गांधी नगर में प्रवेश करने वाली गली नंबर-35 से राहगीरों और वाहनों का आवागमन लगातार होता है। इस गली से प्रतिदिन 2 हजार राहगीरों के अलावा 200 दुपहिया व चार पहिया वाहन गुजरते हैं। ऐसे में वाहन चालकों और राहगीरों को दूषित पानी से गुजरना पड़ रहा है। तेज गति से वाहन गुजरने पर कई दफा तो गली में भरा दूषित पानी घरों के अंदर तक पहुंच जाता है।
लोग बोले : घरों के बाहर बैठना भी हुआ दूभर
- हमारी गली में पिछले करीब दो माह से सीवर का दूषित पानी भरा है। आलम यह है कि घर के बाहर बैठना भी दूभर बना हुआ है। विभाग को कई बार शिकायत कर चुके, लेकिन, समाधान अब तक नहीं हुआ।
-सत्या देवी, वार्डवासी
- गांंधी नगर से स्कूल और कॉलेज जाने वाले अधिकतर विद्यार्थी इसी गली से गुजरते हैं। गली में लंबे समय से दूषित पानी भरा हुआ है। इसके चलते लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
-राजबाला, वार्डवासी
वर्सन:
हमारे कर्मचारी लगातार सीवर समस्याओं का समाधान करने में लगे हुए हैं। हमने सीवर मैनहोल की सफाई के लिए सुपर सकर मशीन भी मंगवाई हुई है। ताकि, समस्या का स्थायी समाधान हो सके। जल्द वार्डवासियों को राहत दे दी जाएगी।
-बृजेश जावला, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग
फोटो: 08
गांधी नगर की गली नंबर-35 में भरा सीवर का दूषित पानी। संवाद
फोटो: 09
सत्या देवी।
फोटो:10
राजबाला देवी।