चरखी दादरी। जनगणना-2027 के पहले चरण के तहत मकान सूचीकरण के लिए अभी तक जिले के 2,375 लोगों ने स्व गणना की है। जिले में स्व गणना के लिए 50 हजार से ज्यादा का लक्ष्य रखा गया है। कोई भी व्यक्ति आगामी 30 अप्रैल तक स्व गणना के लिए अपना डाटा दर्ज कर सकता है।
उपायुक्त डाॅ. मुनीश नागपाल ने बताया कि जनगणना संचालन में बदलाव के चलते, निवासियों के पास जनगणना 2027 में स्व-गणना के माध्यम से भाग लेने का विकल्प दिया गया है। यह एक नई सुविधा है जो 16 अप्रैल से शुरू हो चुकी है। उपायुक्त ने बताया कि स्व-गणना प्रक्रिया नागरिकों को समर्पित पोर्टल एसई.सेंसस.जीओवी.आईएन के माध्यम से अपने परिवार का विवरण सुरक्षित रूप से ऑनलाइन भरने की सुविधा प्रदान करेगा। सफलतापूर्वक जमा करने पर प्रतिभागियों को एक अद्वितीय स्व-गणना आईडी (एसई आईडी) प्राप्त होगी जिसे उन्हें सत्यापन के लिए अपने क्षेत्र दौरे के दौरान जनगणना अधिकारियों के साथ साझा करना होगा।
उपायुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी ने इस पहल को राष्ट्रीय जनगणना में पहली बार शुरू किया गया नागरिक हितैषी उपाय बताया।
यह पोर्टल अंग्रेजी और 14 क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध है जिससे यह अधिक से अधिक लोगों के लिए सुलभ हो जाता है। स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद, आधिकारिक घर-घर जाकर मकान सूचीबद्ध करने का कार्य (एचएलओ) शुरू हो जाएगा।