चरखी दादरी। बौंद कलां थाना पुलिस ने गांव लांबा बस अड्डे के समीप सीमेंट पाइप कंपनी के पास स्थित दुकान से गल्ला चोरी करने की वारदात को 48 घंटे के अंदर सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लकड़ी का गल्ला, 9 हजार रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि गांव लांबा निवासी सुरेंद्र ने शिकायत दी थी कि अज्ञात चोर उसकी दुकान से नकदी सहित पूरा गल्ला चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान बौंद कलां थाने में तैनात हेड कांस्टेबल सचिन और पुलिस टीम ने संदिग्धों की पहचान कर सांवड़ बस अड्डे से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान लाम्बा निवासी प्रदीप उर्फ कान्हा और अमन उर्फ पव्वा के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी प्रदीप से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद किया। वहीं दूसरे आरोपी अमन के कब्जे से चोरी किया गया लकड़ी का गल्ला और उसमें रखी 9 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।