दादरी नागरिक अस्पताल में जांच के बाद टीम समेत बाहर निकलते एसएचओ सन्नी कुमार।
चरखी दादरी। नागरिक अस्पताल में सोमवार शाम उत्पात मचाने वाले युवकों के खिलाफ शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इनमें चार नामजद और आठ अन्य आरोपी शामिल हैं। इस संबंध में एसएमओ डॉ. राहुल राठी की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई है।
बता दें कि सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे चार युवक घायल अवस्था में उपचार कराने दादरी नागरिक अस्पताल पहुंचे थे। चारों शराब के नशे में धुत थे और उन्होंने स्टाफ से अभद्रता की। इसके बाद नागरिक अस्पताल चौकी से पुलिस कर्मचारियों को बुलाकर उनका उपचार शुरू किया गया।
उसी दौरान डंडों से लैस दूसरे गुट के युवक वहां पहुंच गए और उन्होंने पहले से अस्पताल पहुंचे चारों घायलों पर हमला कर दिया। करीब आधे घंटे तक नागरिक अस्पताल में अफरा-तफरी मची रही और उसके बाद पुलिस टीमें वहां पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर मौके से फरार हो चुके थे।
एसएमओ डॉ. राहुल राठी की ओर से इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी गई। इस पर संज्ञान लेकर पुलिस ने मौड़ी निवासी अनूप, दादरी निवासी रोहित और बलकरा निवासी अनिल व कृष्ण समेत दूसरे पक्ष के अज्ञात आठ युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।