संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। ढाणी फोगाट गांव के समीप राहगीर शिक्षक को टक्कर मारने के आरोपी बाइक चालक पर सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इस संबंध में घायल के बेटे ने पुलिस को शिकायत दी है।
पुलिस शिकायत में ढाणी फोगाट निवासी संदीप ने बताया कि उसके पिता सतबीर आदर्श स्कूल में बतौर अध्यापक कार्य करते हैं। छह दिसंबर को वह घूमने के लिए घर से निकले थे। लौटते समय एक मिल के पास पहुंचने पर एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल उसके पिता का रोहतक के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। उन्हें अब तक होश नहीं आया है। संदीप ने बताया कि उसने अपने स्तर पर जांच की तो पता चला कि उसके पिता को टक्कर दीपक नामक युवक ने मारी है। वहीं, सदर थाना पुलिस ने संदीप की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।