चरखी दादरी। मादक पदार्थ दिलाने से मना करने पर रावलधी निवासी एक युवक का अपहरण कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। घायल के बयान पर सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घायल का आरोप है कि उसकी जेब से साढ़े दस हजार रुपये भी गिर गए, जो उसे नहीं मिले।
पुलिस को दिए बयान में रावलधी निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि वो गांव स्थित बाबा न्यारमदास मंदिर में पूजा-पाठ और सफाई का काम करता है। 12 जुलाई की रात करीब साढ़े 9 बजे गांव निवासी सोनू उसके पास आया और उसे बाहर बुला ले गया। वहां कमोद निवासी चुन्नू और लिलारा अपनी इको लेकर खड़े थे। चुन्नू ने उससे रावलधी गांव से नशीला पदार्थ दिलाने की बात कही। जब उसने इन्कार किया तो उक्त तीनों ने उस पर हमला कर दिया।
इसके बाद उसे वो इको में डालकर गांव निवासी शुभराम के मकान के बाहर फेन्कर फरार हो गए। दिनेश ने बताया कि हमले में उसकी जेब से साढ़े 10 हजार रुपये गिर गए, जो उसे नहीं मिले। परिजन उपचार के लिए उसे सिविल अस्पताल ले गए। वहां से प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। घायल के बयान पर सदर थाना पुलिस ने सोनू, चुन्नू और लिलारा के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।