चरखी दादरी। शहर निवासी एक व्यक्ति का कार चालक उसका 51.40 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया। यह घटना 3 मई की है। अब पीड़ित रुपयों के मालिक की शिकायत पर सिटी थाना पुलिस ने आरोपी कार चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शंकर कॉलोनी निवासी पीड़ित गोपाल ने बताया कि वह मोबाइल एसेस्सरीज का कार्य करता है। उसके पास अमित नाम का एक लड़का भी करीब आठ साल से कार्यरत है। उसने बताया उसके परिचित के पास कार है। 3 मई को उसने अमित और अपने परिचित के कार चालक सोनू को 51.40 लाख रुपये लेने के लिए नरेला भेजा था। उसने बताया कि देर रात तक जब अमित और चालक सोनू नहीं लौटे तो उन्होंने इसकी छानबीन की। इसके बाद उन्हें पता चला कि वे दोनों रुपये लेकर दादरी आ चुके हैं। चालक सोनू अमित को कॉलोनी में उतारकर चला गया। इसके बाद वह गाड़ी को उसके परिचित के घर खड़ी करके रुपयों के बैग समेत फरार हो गया। उन्होंने अपने स्तर पर चालक सोनू का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। अब उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी का पता लगाकर रुपये बरामद कराने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई आरंभ कर दी है।