सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव
- फोटो : संवाद
कांग्रेस ओबीसी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि मेरिट के आधार पर टिकट बंटे तो कांग्रेस 70 सीटें जीतेगी। उन्होंने विधायक चिरंजीव राव की ओर से डिप्टी सीएम बनने के बयान पर उनका पक्ष लिया है।
यादव ने मंगलवार को चरखी दादरी में आयोजित ओबीसी कार्यकर्ता सम्मेलन में कहा कि चिरंजीव राव सिटिंग एमएलए हैं तो उनका टिकट भी पक्का है। चिरंजीव ने डिप्टी सीएम की जो बात कही है, वह गलत नहीं है। सपने कोई भी देख सकता है। साथ ही दीपक बाबरिया के बयान पर कहा कि वह चाहे कुछ कहें, मुझे जो कहना था कह दिया है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने गुरुग्राम व भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा की दोनों सीटें खो दीं। अगर सभी पक्षों की सुनी जाती तो हरियाणा में 3 की जगह 8 सीटें कांग्रेस जीत पाती। गुरुग्राम से मुझे टिकट मिलता तो जीत पक्की थी। इस बार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने मेरिट के आधार पर टिकटों का सही वितरण किया तो 70 पार सीटों पर कांग्रेस जीतेगी।
साथ ही कहा कि नीतीश कुमार पलटी खाएंगे और एनडीए सरकार गिर जाएगी। ऐसे में इंडिया गठबंधन केंद्र में सरकार बनाएगा। अजय यादव ने आरक्षण को लेकर 21 को भारत बंद के एलान का भी समर्थन किया।
अजय यादव ने किरण के राज्यसभा में जाने की चर्चाओं पर कहा कि किरण अगर मेरे से पूछतीं तो मैं कांग्रेस छोड़ने की सलाह नहीं देता। कांग्रेस से इंद्रजीत, बीरेंद्र सिंह, धर्मबीर सहित अन्य बड़े नेता भाजपा में गए और आज उनको कोई पूछने वाला नहीं है। अजय यादव ने कहा कि विनेश फाेगाट राजनीतिक षड्यंत्र का शिकार हुई हैं। विनेश के खाते में पैसे डालने के बारे में प्रदेश सरकार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। राज्यसभा के लिए विनेश की उम्र आड़े आई है।