चरखी दादरी। गांव दाढी बाना स्थित 33 केवीए पावर सब स्टेशन की एक साल बाद भी क्षमता नहीं बढ़ पाई है। यहां 10 एमवीए क्षमता का एक और पावर ट्रांसफार्मर लगाया जाना है। इस समय पावर सब स्टेशन ओवरलोड चल रहा है।
पावर सब स्टेशन से जुड़े विभिन्न गांवों के लोगों का कहना है कि बिजली निगम अधिकारियों को अविलंब एक और अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगवाकर उपभोक्ताओं को राहत देनी चाहिए।
इस पावर सब स्टेशन से आसपास के करीब 20 से ज्यादा गांवों में बिजली की सप्लाई की जाती है। एक साल पहले से निगम ने इस पावर स्टेशन की क्षमता बढ़ाने की फाइल तैयार कर थी। अब तक कार्य अटकता ही आ रहा है। शहर की कई भागों में बिजली आपूर्ति गांव घसोला पावर सब स्टेशन से की जा रही है। हालांकि निगम ने कई गांवों में पावर सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ाकर दोगुना की है।
मोरवाला 33 केवीए सब स्टेशन, घसोला, मकड़ाना व मकड़ानी पावर सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई जा चुकी है। गांव दाढ़ी बाना पावर सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाने के लिए पिछले साल अप्रैल में फाइल तैयार की गई थी। अब तक इसकी क्षमता नहीं बढ़ाई जा सकी है।
पावर सब स्टेशन से जुड़े इन गांवों को होगा फायदा
दाढी बाना सब स्टेशन से गांव आदमपुर, दाढी, मंदोला, मंदोली, दूधवा, दातौली, जावा, बीजणा, कलाली व बलाली सहित करीब 20 से ज्यादा गांवों में बिजली सप्लाई की जाती है। यहां 10 एमवीए क्षमता का एक और पावर ट्रांसफार्मर लगना है। 10 एमवीए का पहले से ही लगा हुआ है। क्षमता बढ़ने पर कम वोल्टेज की समस्या दूर होगी।
सब स्टेशन में 10 एमवीए क्षमता का नया पावर सब स्टेशन नहीं लगा है। अभी फाइल प्रक्रिया में है। उम्मीद ही जल्द ही यह काम शुरू हो जाएगा। इससे कम वोल्टेज की समस्या दूर हो जाएगी और लोड भी कम हो जाएगा। - सुरेश कुमार, एसडीओ, बिजली निगम।