चरखी दादरी। एनएच 152 डी पर वीरवार शाम संदिग्ध परिस्थितियों में एक कैंटर आगे चल रहे पानी के टैंकर से टकरा गई। हादसे में कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहाली (पंजाब) के गांव धर्मगढ़ निवासी दीपक के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह सदर थाना पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने हादसे के कारण की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार धर्मगढ़ निवासी दीपक (30) पेशे से चालक था और फिलहाल कैंटर चलाता था। वीरवार को वो कैंटर खाली कर नारनौल से दादरी होते हुए एनएच-152 डी के जरिये मोहाली लौट रहा था। जब वो झिंझर गांव के समीप पहुंचा तो उसकी कैंटर आगे चल रहे पानी के टैंकर से टकरा गई। हादसे में दीपक की मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और मृतक के परिजनों व मालिक को सूचित किया।
हादसे की सूचना मिलते ही देर रात ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। सदर थाना पुलिस ने शुक्रवार सुबह सिविल अस्पताल में मृतक दीपक की पत्नी बबली के बयान दर्ज किए और इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के हैं दो बच्चे
मृतक दीपक के दो बच्चे हैं जिनमें बेटा शिव 5 साल का है जबकि बेटी मोहनी 2 साल की है। दोनों बच्चे अभी अपने पिता की मौत से अनजान है जबकि मृतक की पत्नी बबली का रो-रो कर बुरा हाल है।
मृतक दीपक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। उसकी पत्नी बबली के बयान पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। हादसे का वास्तविक कारण जानने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जोर सिंह, एएसआई एवं जांच अधिकारी, सदर थाना