बाढड़ा सीट से लगातार तीन चुनाव हार चुके हैं बंसीलाल के बड़े बेटे व बीसीसीआई के पूर्व चेयरमैन रणबीर महेंद्रा
इस बार कांग्रेस ने बंसीलाल के बेटे की जगह दामाद सोमवीर सिंह को उतारा मैदान में
चरखी दादरी। कांग्रेस ने दादरी जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशी सबसे अंत में घोषित किए। दादरी हलके से मनीषा सांगवान के रूप में नए चेहरे पर जबकि बाढड़ा हलके में चौथी बार भी पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बंसीलाल के परिवार पर दांव खेला है। हालांकि, बाढड़ा हलके में इस बार कांग्रेस ने बंसीलाल परिवार का चेहरा बदला है।
बता दें कि बाढड़ा हलके से वर्ष 2009, 2014 और 2019 में रणबीर सिंह महेंद्रा ने कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा था। दिग्गज चेहरा होने के बावजूद उन्हें तीनों चुनावों में हार झेलनी पड़ी। लगातार तीन चुनाव हारने का दर्द जनसभाओं में रणबीर महेंद्रा ने मंच से बयां किया।
इस चौथे चुनाव में भी कांग्रेस ने बंसीलाल परिवार पर ही बाढड़ा हलके से दांव खेला है। हालांकि, इस बार दिवगंत मुख्यमंत्री के बड़े बेटे के बजाय दामाद सोमवीर सिंह को चुनावी रण में उतारा गया है।
सोमवीर सिंह लोहारू हलके के गागड़वास गांव के रहने वाले हैं। उन्हें छह चुनाव लड़ने का अनुभव है। पेशे से वह वकील हैं। उन्हें बंसीलाल ही राजनीति में लेकर आए थे। सोमवीर सिंह 1996 और 2005 के चुनाव में विधायक बने थे। 1999, 2009, 2014 और 2019 के चुनाव में उन्हें हार झेलनी पड़ी थी। बाढड़ा हलके की मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सोमवीर सिंह श्योराण को कांग्रेस ने लोहारू के बजाय यहां से प्रत्याशी बनाया है।
- श्योराण बाढड़ा हलके की सबसे बड़ी खाप
श्योराण बाढड़ा क्षेत्र में प्रमुख रूप से हैं। टिकट वितरण से खफा होकर पूर्व विधायक सुखविंद्र श्योराण ने भाजपा को अलविदा कहा। उसके बाद उन्होंने समर्थकों के साथ बैठक भी की। इन तमाम गतिविधियों को देखते हुए कांग्रेस ने दिग्गज चेहरे और श्योराण खाप को साधने के लिए सोमवीर सिंह श्योराण को प्रत्याशी बनाया है। भाजपा से बागी हुए पूर्व विधायक सुखविंद्र श्योराण शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।
बाढड़ा हलके में पिछले तीन चुनाव हारी कांग्रेस
वर्ष 2009 में बंसीलाल के बेटे रणबीर सिंह महेंद्रा ने बाढड़ा हलके से कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ा। इनेलो प्रत्याशी रघबीर सिंह 34,280 वोट लेकर विजेता बने जबकि रणबीर महेंद्रा 33,571 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे। वर्ष 2014 में भाजपा प्रत्याशी सुखविंद्र श्योराण ने 39,139 वोट लेकर पहली बार हलके में कमल खिलाया। इस चुनाव में भी 34,133 वोट लेकर रणबीर महेंद्रा दूसरे स्थान पर रहे। वर्ष 2019 के चुनाव में जजपा प्रत्याशी नैना चौटाला विजेता रहीं। इस प्रकार रणबीर महेंद्रा को लगातार तीसरा चुनाव हारना पड़ा।
फोटो 03
दिवंगत बंसीलाल के दामाद सोमवीर सिंह श्योराण। संवाद
फोटो 04
बीसीआई के पूर्व चेयरमैन रणबीर महेंद्रा जो बाढड़ा हलके से कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर लगातार तीन चुनाव हारे। संवाद