दिवाली के त्योहार पर पटाखों से होने वाले हादसों और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। पटाखों से झुलसने, आंखों में चोट लगने, सड़क हादसों में घायल होने वाले लोगों को नागरिक अस्पताल में त्वरित चिकित्सा सहायता मुहैया कराने की व्यवस्था की गई है। बर्न वार्ड के साथ 20 से अधिक बेड आरक्षित रखे गए हैं। इमरजेंसी में आवश्यक दवाइयां और चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था की गई है। ऑक्सीजन सिलिंडर और बर्न ट्रीटमेंट किट अलग से रखे गए हैं ताकि पटाखों या अन्य दुर्घटनाओं में घायल होने वाले लोगों को बिना देरी उपचार मिल सके। चिकित्सीय उपकरणों, दवा आदि के साथ-साथ नेत्र रोग विशेषज्ञ, हड्डी रोग विशेषज्ञ, सर्जन चिकित्सकों को विशेष रूप से तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
बॉक्स: विशेषज्ञ डॉक्टर रहेंगे ऑन-कॉल उपलब्ध
नागरिक अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. बिजेंद्र लडवाल ने बताया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में मरीजों को विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध करवाने के लिए नेत्र रोग, आर्थोपेडिक और सर्जरी विशेषज्ञों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इन डॉक्टरों की ऑन-कॉल ड्यूटी भी लगाई गई है ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें तुरंत अस्पताल बुलाया जा सके। इसके अलावा अन्य स्पोर्टिंग स्टाफ भी राउंड दा क्लॉक तैनात रहेगा। जरूरत पड़ने पर स्पेशल वार्डों का भी उपयोग किया जा सकेगा। इसके लिए तैयारियां पूरी हैं।