चरखी दादरी। जिला बार एसोसिएशन के सदस्य अधिवक्ता राहुल बूरा को बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा का सह-संयोजक सदस्य नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर अधिवक्ताओं ने बार परिसर में लड्डू बांटकर खुशी व्यक्त की तथा राहुल बूरा को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान बार एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र मैहड़ा ने कहा कि राहुल बूरा मेहनती, प्रतिभावान और ऊर्जावान युवा अधिवक्ता हैं, जिन्होंने अपने कार्य और व्यवहार से वकालत जगत में एक अलग पहचान बनाई है। उनकी नियुक्ति निश्चित रूप से दादरी के समस्त अधिवक्ताओं, विशेषकर युवा अधिवक्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगी।
उन्होंने कहा कि इस तरह की नियुक्तियां युवाओं में नए उत्साह और विश्वास का संचार करती हैं। इस अवसर पर अधिवक्ता राहुल बूरा ने सभी अधिवक्ताओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरी बार एसोसिएशन की सामूहिक सफलता है। उन्होंने विशेष रूप से मिंदरजीत यादव, पूर्व चेयरमैन सदस्य एवं एसोसिएशनल एडवोकेट जनरल, बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा का मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार जताया।
इस अवसर पर बार एसोसिएशन सचिव राकेश सांगवान, उप प्रधान मनदीप फोगाट, सह-सचिव योगेश शर्मा, खजांची धमेंद्र फोगाट, वरिष्ठ अधिवक्ता धर्मवीर लांबा आदि मौजूद रहे।