चरखी दादरी। सरकार ने बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र की तीन प्रमुख सड़कों के निर्माण के लिए 8.53 करोड़ की राशि जारी कर दी है। इस धनराशि से बीजणा से झोझूकलां, पातुवास से सेहलंगा और पिचोपा खुर्द से पिचोपा कलां मार्ग का निर्माण होगा। इससे विभिन्न गांवों के लोगों और वाहन चालकों को राहत मिलेगी। जल्द ही टेंडर संबंधी औपचारिकता पूरी कर धरातल पर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
विधायक नैना चौटाला ने बताया कि हरियाणा कृषि विपणन बोर्ड की ओर से 8 करोड़ 53 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। उन्होंने बताया कि हलके की इन तीनों सड़कों के हालात बहुत खराब थे। ग्रामीण लंबे समय से इन सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग करते आ रहे थे। जनसंपर्क अभियान के दौरान भी ग्रामीणों ने इन सड़कों के पुनर्निर्माण प्राथमिकता के आधार पर करवाने की मांग उनके सामने रखी थी।
विधायक नैना ने बताया की ग्रामीणों की जायज मांग को जल्द पूरा करवाने के लिए विधानसभा सत्र में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक बजट जारी करने की मांग की गई थी। उन्होंने बताया की प्रदेश सरकार ने उनके माध्यम से रखी गई ग्रामीणों की मांग को तत्परता से पूरा करवाते के लिए 8 करोड़ 53 लाख रुपये की राशि जारी कर दी है।
- क्रशर से जुड़े लोगों को होगा फायदा
विधायक नैना ने बताया कि गांव बीजणा से झोझू सड़क मार्ग पर कई क्रशर इकाइयां भी स्थापित हैं। इस सड़क मार्ग के खस्ताहाल होने के कारण जहां ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कत आती थी तो क्रशर संचालकों को भी आर्थिक हानि उठानी पड़ रही थी। विधायक नैना ने बताया कि स्वीकृत बजट से गांव बीजणा से झोझू तक आरसीसी सड़क का निर्माण करवाया जाएगा।
बीजणा-झोझू मार्ग बनेगा सीमेंटेड
गांव बीजणा-झोझू मार्ग साढ़े 8 किलोमीटर लंबा है। यह रोड सीमेंटेड बनेगी। इसके निर्माण पर करीब सवा सात करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा पातुवास से सेहलंगा और पिचोपा खुर्द से पिचोपा कलां मार्ग की लंबाई करीब साढ़े पांच किलोमीटर लंबी है। इन दोनों के निर्माण पर करीब सवा करोड़ रुपये की लागत आएगी।