इटली के साथ मैच जीतने के बाद हेमंत का हाथ उठाकर विजेता घोषित करता रेफरी। स्रोत: परिजन
विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में खेड़ीबूरा के मुक्केबाज ने इटली व कोरिया के खिलाफ एकतरफा जीते मुकाबले, फाइनल आज अमेरिका के मुक्केबाज के साथ
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। अमेरिका के कोलोराडो में आयोजित विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में खेड़ीबूरा निवासी हेमंत के मुक्कों का जादू चला। हेमंत ने एकतरफा जीत हासिल कर फाइनल तक का सफर तय किया है। रविवार को स्वर्ण पदक के लिए हेमंत अमेरिका के मुक्केबाज के खिलाफ रिंग में उतरेगा।
25 अक्तूबर से 3 नवंबर तक अमेरिका के कोलोराडो में विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। इसमें हेमंत सांगवान ने अंडर-19 आयुवर्ग और 90 किलोग्राम भारवर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। 28 अक्तूबर को हेमंत का पहला मुकाबला इटली के मुक्केबाज के साथ हुआ। यह मुकाबला 4 मिनट तक चला और हेमंत ने 5-0 के स्कोर से एकतरफा जीत हासिल कर पहला पड़ाव पार किया।
इसके बाद दूसरा मुकाबला 30 अक्तूबर को हुआ। इसमें हेमंत ने कोरिया के मुक्केबाज पर जमकर पंच बरसाए। यह मुकाबला भी कुछ देर चलने के बाद 5-0 पर समाप्त हो गया। हेमंत ने सेमीफाइनल में जीत हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। अब दो नवंबर को फाइनल मैच होगा। इसमें दोनों मुक्केबाजों के बीच जबरदस्त मुकाबला रहेगा। दोनों स्वर्ण पदक के लिए अपने पंच का दम दिखाएंगे। इस दौरान हेमंत के साथ कोच हितेश देशवाल भी हैं।
फोटो- 08
इटली के साथ मैच जीतने के बाद हेमंत का हाथ उठाकर विजेता घोषित करता रेफरी। स्रोत : परिजन