चरखी दादरी। दो दिन से लापता 28 वर्षीय श्रमिक बबलू का शव मंगलवार सुबह एक तालाब किनारे बरगद के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। बबलू दो दिन पहले घर से बिना बताए चला गया था। सूचना मिलने पर चिड़िया चौकी पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच की।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। जानकारी के अनुसार, बबलू दिवाली की रात घर से बाहर गया था और वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने तालाब के पास बरगद के पेड़ पर उसका शव देखा। इसके बाद सरपंच को सूचना दी गई, जिन्होंने चिड़िया चौकी पुलिस को जानकारी दी। पुलिस कर्मचारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद शव को नीचे उतारा गया। पुलिस ने मृतक के भाई धर्मेंद्र के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया कार्रवाई की।
जांच अधिकारी एएसआई कप्तान सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बबलू शराब का आदी था। वह दिवाली की रात घर से निकला था। यह भी सामने आया है कि बबलू पहले इसी बरगद के पेड़ पर दो बार फंदा लगाने का प्रयास कर चुका था। हालांकि रस्सी कमजोर होने से उसकी जान बच गई थी। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गया है जिससे परिवार में मातम पसरा हुआ है।