नागरिक अस्पताल में बनाया गया ब्लड बैंक। संवाद
फोटो 02
नागरिक अस्पताल की ब्लड यूनिट। संवाद
- दादरी नागरिक अस्पताल में खुलेगा 350 यूनिट भंडारण क्षमता का ब्लड बैंक, अंतिम औपचारिकताएं पूरी करने में जुटा जिला स्वास्थ्य विभाग
- ब्लड बैंक खुलने के बाद तीमारदारों और स्वास्थ्य विभाग स्टाफ को नहीं करनी पड़ेगी भिवानी की भाग-दौड़
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी नागरिक अस्पताल में ब्लड बैंक खोलने की योजना 5 साल बाद परवान चढ़ेगी। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि 350 यूनिट भंडारण क्षमता का ब्लड बैंक 7 दिन के अंदर शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए लैब टेक्नीशियन (एलटी) व अन्य स्टाफ का प्रशिक्षण हो चुका है।
नागरिक अस्पताल में 350 यूनिट भंडारण क्षमता के ब्लड बैंक का ढांचा तैयार करने पर 19 लाख लागत आई है। स्वास्थ्य विभाग ने यहां मशीनें भी स्थापित करवा दी हैं। अस्पताल में ब्लड बैंक सुविधा शुरू होने से मरीजों के तीमारदारों समेत अस्पताल स्टाफ को भिवानी की भाग-दौड़ से छुटकारा मिलेगा।
दरअसल, दादरी जिला रक्त के मामले में अभी पूर्णतया भिवानी पर निर्भर है। नागरिक अस्पताल में भिवानी से ही रक्त की पूर्ति की जा रही है। इसके लिए हर दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम गाड़ी लेकर जाती है।
इस झंझट को खत्म करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नागरिक अस्पताल में ब्लड बैंक खोलने की योजना तैयार की थी। पहले यह योजना कोरोना की भेंट चढ़ी रही तो इसके बाद स्टेट व नेशनल स्तर पर लाइसेंस लेने में समय लग गया। पिछले माह ही ब्लड बैंक के लिए लाइसेंस मिला है। अब विभाग आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने में जुटा है।
पुरानी ओपीडी विंग में बनाया ब्लड बैंक
नागरिक अस्पताल की पुरानी ओपीडी विंग के दो कमरों में ब्लड बैंक का निर्माण कराया गया है। इस समय अस्पताल के पुराने भवन में ब्लड यूनिट ही है, जिसकी क्षमता अधिकतम 30 यूनिट की है। कई दफा ब्लड खत्म होने की स्थिति में मरीज के तीमारदारों को खुद ब्लड बैंक जाकर खून लाना पड़ता है। ब्लड बैंक बनने के बाद मरीजों के लिए सिविल अस्पताल में ही रक्त मिल जाएगा।
हर साल आठ से दस हजार यूनिट होता है जिले में रक्तदान
हर साल जिले में डेढ़ सौ से अधिक रक्तदान शिविर लगाए जाते हैं। इनमें ज्यादातर युवा ही रक्तदान करते हैं। एक साल में जिला औसतन आठ से 10 हजार यूनिट रक्तदान करता है। सोनीपत, भिवानी, महेंद्रगढ़, रोहतक, गुरुग्राम, नई दिल्ली, रेवाड़ी आदि जिलों की ब्लड बैंक टीमें दादरी में आकर रक्तदान करवाती हैं।
वर्सन
ब्लड बैंक सात दिन के अंदर शुरू कर दिया जाएगा। कुछ दस्तावेज अभी नहीं आए हैं। एक-दो दिन में आने की उम्मीद है। प्रयास है कि 17 जून तक नागरिक अस्पताल में ब्लड बैंक सेवा मरीजों को समर्पित कर दी जाए।
-डॉ. राहुल अरोड़ा, डिप्टी सीएमओ, दादरी स्वास्थ्य विभाग