कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने पहुंची किरण चौधरी और श्रुति चौधरी।
चरखी दादरी। शहर स्थित एक वाटिका में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें पूर्व कैबिनेट मंत्री किरण चौधरी और पूर्व सांसद श्रुति चौधरी ने शिरकत की। किरण चौधरी ने कहा कि दादरी विधानसभा क्षेत्र ने चौधरी बंसीलाल व सुरेंद्र सिंह का बुरे दिनों में साथ दिया। बंसीलाल ने हरियाणा का मुख्यमंत्री रहते हुए रिकॉर्ड विकास कार्य करवाए। वहीं, श्रुति चौधरी ने सांसद रहते हुए क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी।
किरण चौधरी ने कहा कि भाजपा सरकार ने क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं करवाए। जनता अब अपने आप को ठगा सा महसूस कर रही है। यही हाल रहा तो हरियाणा में भाजपा का सूपड़ा साफ होना निश्चित है। उन्होंने अपनी पार्टी व विभिन्न विपक्षी दलों के धुर विरोधियों पर नाम लिए बिना कटाक्ष करते हुए कहा कि इधर-उधर के लोग यहां की जनता को बरगलाने आएंगे, उनका भी ध्यान रखना क्योंकि वे नहीं चाहते कि हमारी चौधर हो और इस इलाके का विकास हो। किरण चौधर ने कहा कि हमारा यहां की जनता से भावनात्मक रिश्ता है, लेकिन इस रिश्ते को और मजबूत किया जाएगा। विरोधियों के मंसूबे यहां की जनता कामयाब नहीं होने देगी। आने वाले चुनाव में यहां की जनता मुंहतोड़ जवाब देगी।
पूर्व सांसद श्रुति चौधरी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में किए विकास कार्य आज भी जनता को याद हैं। बीजेपी सरकार में पिछले 9 सालों में कोई विकास कार्य नहीं करवाए है। इतना ही नहीं सरकार ने युवा पीढ़ी को बर्बाद कर दिया और बेरोजगारों की फौज खड़ी कर दी। इस अवसर पर अजीत फौगाट, विरेंद्र उर्फ पप्पू, सुरेंद्र परमार, महेंद्र सोनी, दिलबाग निमड़ी, कृष्ण फौगाट, अजीत, हैप्पी, अजय, रामभगत यादव, जिला पार्षद श्यामलाल, प्रवीन इमलोटा, रणधीर घिकाड़ा, महेंद्र भारद्वाज, जयभगवान मस्ताना आदि मौजूद रहे।