शनिवार को दादरी पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, सदस्यता अभियान के लिए कार्यकर्ताओं को दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर के रोहतक रोड स्थित सरस्वती वाटिका में शनिवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। साथ ही सदस्यता अभियान से संबंधित निर्देश दिए। उन्होंने अगले चुनाव के बारे में भी मार्गदर्शन किया। अधिक सदस्य जोड़ने पर विधायक सुनील सांगवान, जिला अध्यक्ष डॉ. किरण कलकल को सम्मानित किया गया।
उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान का मकसद जनहित कार्य के लिए संगठन को मजबूत करना है। हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने में दादरी जिले के कार्यकर्ताओं का शत-प्रतिशत योगदान रहा है। भाजपा अब हरियाणा में 50 लाख प्राथमिक सदस्य बनाने के लक्ष्य को हासिल कर लेगी। सदस्यता अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने के साथ पार्टी के कार्यों को जनता तक पहुंचा रहे हैं। साथ ही पार्टी की योजनाओं का लाभ दिलाने में भी लोगों की मदद कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हर कार्यकर्ता के लिए अपने बूथ पर 250 सदस्य बनाने जरूरी हैं। ज्यादा प्राथमिक सदस्य बनने वाले कार्यकर्ताओं का आने वाले संगठन की रचना में अहम रोल होगा। उन्हें पद मिलने की भी संभावना रहेगी।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री वेदपाल, बाढड़ा विधायक उमेद पातुवास, पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान, अभियान प्रवास प्रमुख मीना परमार, जिला महामंत्री राष्ट्रदीप परमार व रवि गर्ग, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य संदीप जोशी, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. बलवान सांगवान, रामकिशन शर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
फोटो -36
कार्यकर्ता सम्मेलन में मंच पर उपस्थित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व अन्य नेता। संवाद