छपार में जनसभा को संबोधित करते राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा।
चरखी दादरी। राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने शुक्रवार को जिले के गांव छपार में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने गठबंधन सरकार पर हमला बोला। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने करीब साढ़े 8 साल के शासनकाल में हर वर्ग का अपमान किया है। प्रजातंत्र में सरकारें लोगों का अपमान करके नहीं बल्कि मान-सम्मान से चलती हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा-जजपा अपने घमंड में हर हरियाणावासी का मान-सम्मान कुचलने का काम किया है। आज प्रदेश भर में हर वर्ग प्रदर्शन करने को मजबूर है और सरकार इसके बदले उन पर लाठियां भांज रही हैं। दीपेंद्र हुड्डा ने ऐलान किया कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनने पर खाली पड़े 2 लाख सरकारी पदों पर पक्की भर्ती करेंगे। भर्ती की ये प्रक्रिया सरकार बनने के महीने भर के भीतर ही शुरू हो जाएगी।
इस दौरान अपनी समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति चरखी दादरी इकाई का एक प्रतिनिधिमंडल मिला और दीपेंद्र हुड्डा को बताया कि किसानों के बैल ट्रैक्टर के पीछे ट्रॉली जोड़कर पशुओं का चारा, रेत या भवन निर्माण सामग्री ले जाने पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, आरटीओ व माइनिंग विभाग के अधिकारी लाखों रुपये का जुर्माना करते हैं। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में बदलाव आए और विकास का पहिया फिर से घूमे, इसके लिए कांग्रेस पार्टी ने हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू किया है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री परमबीर सिंह, पूर्व विधायक सोमबीर सिंह, पूर्व सीपीएस रामकिशन फौजी, पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान, पूर्व मंत्री सुभाष गोयल, पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह, संदीप सिंह, राजबीर फरटिया, अनिल धनखड़, मनीषा सांगवान, धर्मेंद्र छपार, चारू सांगवान, कृष्णा सांगवान, नितिन जांघू व बलजीत फौगाट आदि मौजूद रहे।