चरखी दादरी/बौंदकलां। दो बार टलने के बाद तीसरे प्रयास में सोमवार को बौंद खंड विकास एवं पंचायत समिति चुनाव की प्रक्रिया सिरे चढ़ गई। प्रधान पद के लिए एक ही उम्मीदवार के नाम पर सर्वसम्मति बन गई जबकि उपप्रधान का चुनाव मतदान के जरिये हुआ। खंड विकास एवं पंचायत समिति का प्रधान भाजपा समर्थित पूजा को चुना गया जबकि ललिता को 2 वोट से उपप्रधानी मिल गई। वो भी भाजपा समर्थित हैं और ऐसे में भाजपा जिला अध्यक्ष सतेंद्र परमार के गढ़ में कमल खिल गया।
दरअसल, बौंद कलां पंचायत समिति के चुनाव दो बार टल चुके हैं। सबसे पहले 28 दिसंबर को पंचायत समिति प्रधान और उपप्रधान का चुनाव होला था। उस दौरान खंड चुनाव अधिकारी डॉ. बलवंत सहारण बीमार हो गए थे। इसके बाद 12 जनवरी चुनाव की अगली तारीख रखी गई। उस दिन भी अपरिहार्य कारणों के चलते चुनाव स्थगित करना पड़ा था। इसके बाद अगली तारीख 16 जनवरी तय की गई।
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे पंचायत समिति सदस्य खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में पहुंचना शुरू हुए। उस दौरान वहां खंड चुनाव अधिकारी डॉ. बलवंत सहारण और अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा। दोपहर करीब डेढ़ से शाम साढ़े चार बजे तक चुनावी प्रक्रिया चली। प्रधान पद के लिए रणकोली निवासी एवं वार्ड-4 से सदस्य पूजा का नाम अनुमोदित किया गया। सभी ने इस पर सहमति जता दी। फिर चुनाव अधिकारी ने पूजा को खंड विकास पंचायत समिति का प्रधान घोषित कर दिया। इसके बाद उपप्रधान पद के लिए वार्ड 1 सदस्य बौंदकलां निवासी ललिता और वार्ड 7 से पंचायत समिति सदस्य एवं गांव सांवड़ निवासी रविता ने दावेदारी पेश की।
- ललिता को 10 तो रविता को मिले 8 वोट
उपप्रधान का चयन मतदान के जरिये हुआ। ललिता को 10 और उनकी प्रतिद्वंद्वी रविता को 8 वोट मिले। इस प्रकार ललिता ने दो वोट से उपप्रधान पद पर जीत हासिल की। ललिता भी भाजपा समर्थित हैं।
- पंचायत समिति के ये हैं 18 सदस्य
बौंदकलां पंचायत समिति में कुल 18 सदस्य हैं। इनमें सतेंद्र, ललिता देवी, उदयवीर सिंह, पूजा, राजेश कुमार, सुमन देवी, हरीश, कमलेश देवी, नितेश कुमार, जोगिंद्र, रविता, सुरेंद्र, सुमित्रा, मीनू, स्वर्ण सिंह, सुषमा यादव, अमृतपाल और दीपक शामिल हैं। प्रधान पूजा और उपप्रधान ललिता बनी हैं।
भाजपा पदाधिकारियों ने जताई खुशी
चुनाव के दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष सतेंद्र परमार, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सुखविंद्र मांढ़ी, भाजपा जिला प्रभारी कमल यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष एडवोकेट रामकिशन शर्मा ने नवनिर्वाचित प्रधान और उपप्रधान को बधाई दी। सुखविंद्र मांढ़ी ने कहा कि चारों ब्लॉक समिति में भाजपा का कमल खिला है और ये इस बात का प्रमाण है कि सरकार जनहित के कार्य कर रही है।
- जिले के चारों खंडों के चुनाव में रहा भाजपा का दबदबा
सबसे पहले गत 24 दिसंबर को दादरी पंचायत समिति का चुनाव हुआ था। इस दौरान प्रधान पद के लिए हुए मतदान में भाजपा समर्थित सीमा ने एक वोट से जीत दर्ज की थी। इसी प्रकार उपप्रधान पद पर मनीषा छपार एक वोट से विजयी बनी थी। ये दोनों भाजपा समर्थित थीं। इसके बाद 28 दिसंबर को बाढड़ा पंचायत समिति का चुनाव हुआ था। इसमें सर्वसम्मति से भाजपा समर्थित दर्शना को प्रधान और सुमन को उपप्रधान चुना गया था। इसके बाद तीन जनवरी को बौंद खंड के चुनाव हुए और इसमें भाजपा समर्थित नीतू प्रधान और उषा उपप्रधान बनी थीं। अब बौंद खंड में भी भाजपा समर्थित ही दोनों पदों पर काबिज हुए। ऐसे में चारों खंडों में भाजपा का दबदबा रहा।