फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: महेंद्रगढ़ रोड पर खुले में फेंका बायोमेडिकल कचरा, संक्रमण का खतरा

विज्ञापन
फोटो: शहर के दादरी महेंद्रगढ़ रोड स्थित एक होटल के सामने लगा बायोवेस्ट का ढेर। संवाद
विज्ञापन
फोटो: 17
विज्ञापन

खुले में फेंकी मेडिकल सामग्री से लोगों की सेहत पर मंडरा रहा संकट
...महेंद्रगढ़ रोड पर दवा के खाली रैपर, शीशियां और मेडिकल कचरे का नहीं हो रहा उचित निस्तारण
मक्खी-मच्छरों के पनपने के साथ गंभीर संक्रमण फैलने की आशंका, राहगीरों और आसपास के लोगों की सुरक्षा पर उठे सवाल

संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर के महेंद्रगढ़ रोड पर एक होटल के समीप खुले में पड़ा बायोमेडिकल कचरा लोगों की सेहत के लिए खतरा बनता नजर आ रहा है। सड़क किनारे बड़ी मात्रा में बिखरी दवाओं की पैकिंग, मेडिकल रैपर, छोटी-बड़ी शीशियां और अन्य चिकित्सकीय सामग्री स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
खुले स्थान पर इस तरह का अपशिष्ट पड़ा रहने से राहगीरों, आसपास काम करने वाले लोगों और सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। बायोमेडिकल कचरे का उचित वर्गीकरण और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण जरूरी है। अस्पतालों, क्लीनिकों, प्रयोगशालाओं और अन्य चिकित्सा संस्थानों से निकलने वाले अपशिष्ट में यदि संक्रमित सामग्री शामिल हो तो वह गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि खुले में पड़े कचरे को आवारा पशु, कुत्ते या अन्य जीव इधर-उधर फैला सकते हैं। वहीं कचरे के संपर्क में आने वाले लोगों को संक्रमण का जोखिम हो सकता है।
विज्ञापन

हेपेटाइटिस-बी और सी समेत एचआईवी का भी जोखिम
चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, यदि इस प्रकार के कचरे में इस्तेमाल की गई सुइयां, सिरिंज या रक्त से दूषित उपकरण मौजूद हों तो उनसे हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और एचआईवी जैसे गंभीर संक्रमण फैलने का खतरा रहता है। विशेषकर सफाई कर्मचारियों या कचरे को उठाकर अलग करने वाले लोगों को संक्रमित नुकीली वस्तु चुभने पर गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। इसके अलावा दूषित सामग्री के संपर्क से त्वचा संबंधी संक्रमण, घावों में बैक्टीरिया का संक्रमण और अन्य बीमारियों का जोखिम भी रहता है। हालांकि केवल आसपास से गुजरने या कचरे के पास खड़े होने से एचआईवी अथवा हेपेटाइटिस फैलने की आशंका नहीं होती। इसके लिए संक्रमित रक्त के शरीर में प्रवेश जैसी परिस्थितियां जरूरी होती हैं।
दवाओं के अवशेष और रासायनिक पदार्थ भी बन सकते हैं मुसीबत
कचरे में फेंकी गई दवाओं की शीशियों और पैकिंग में यदि दवाओं के अवशेष मौजूद हैं तो उनका मिट्टी और पानी में मिलना भी चिंता का विषय है। कुछ दवाओं और एंटीबायोटिक के अनुचित निस्तारण से पर्यावरण में औषधीय अवशेष पहुंच सकते हैं। इससे सूक्ष्मजीवों में एंटीमाइक्रोबियल प्रतिरोध यानी दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित होने का खतरा बढ़ सकता है। बरसात के दौरान ऐसे अपशिष्ट से निकलने वाले दूषित पदार्थ आसपास की मिट्टी तथा जलस्रोतों तक पहुंच सकते हैं। खुले में बिखरे कचरे पर मक्खियों और अन्य कीटों का जमावड़ा भी गंदगी को आसपास के वातावरण में फैलाने का माध्यम बन सकता है।
बच्चों और सफाई कर्मचारियों के लिए ज्यादा खतरा
महेंद्रगढ़ रोड पर जहां यह कचरा पड़ा है वहां से प्रतिदिन अनेक वाहन और राहगीर गुजरते हैं। आसपास के दुकानदारों तथा स्थानीय लोगों को भी इस स्थिति से परेशानी हो सकती है। खुले में पड़ी शीशियों के टूटने से कांच के टुकड़े किसी के पैरों में चुभ सकते हैं। वहीं बच्चे अनजाने में ऐसी सामग्री को हाथ लगा सकते हैं। सफाई कर्मचारियों के लिए भी बिना दस्ताने, मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरणों के इसे उठाना जोखिम भरा हो सकता है। आवारा पशुओं द्वारा कचरे को इधर-उधर फैलाने से समस्या और गंभीर हो सकती है।
नियमों के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों में निस्तारण अनिवार्य
बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2016 के तहत चिकित्सा अपशिष्ट को उसके प्रकार के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों में वर्गीकृत कर निर्धारित थैलियों और कंटेनरों में रखना जरूरी है। इसके बाद अधिकृत बायोमेडिकल कचरा उपचार केंद्र के माध्यम से उसका वैज्ञानिक तरीके से उपचार और निस्तारण किया जाना चाहिए। बिना उपचार किए ऐसे कचरे को सामान्य घरेलू कचरे में मिलाना या खुले में फेंकना निर्धारित व्यवस्था के विपरीत है।
वर्सन:
शहर में इस तरह बायोमेडिकल वेस्ट का खुले में डालना नियमों व कानूनन गलत है। संबंधित मामले की गंभीरता से जांच करवाई जाएगी। जांच में अगर कोई दोषी पाया गया तो उनके खिलाफ नियमों अनुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।-नरेश कुमार, सिविल सर्जन जिला चरखी दादरी
विज्ञापन


वर्सन:
हमारे पास मेडिकल स्टोर व अस्पतालों के अंदर से बायोमेडिकल वेस्ट उठाने का टेंडर है, वहीं से उठाते हैं। कहीं अन्य स्थान पर डाले गए बायोवेस्ट का पता नहीं लगता है। इसके लिए डालने वाला ही जिम्मेदार है।
सज्जन सिंह, सुपरवाइजर मारुती बायोवेस्ट एजेंसी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें