चरखी दादरी। कासनी गांव में सोमवार को बाइक पर सवार होकर आए तीन युवकों ने एक व्यक्ति की गोलियां मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान कासनी निवासी मोहित (40) के रूप में हुई है। हत्याकांड के बाद एसपी दीपक गहलावत घटनास्थल पर पहुंचे और हत्यारों को पकड़ने के लिए क्षेत्र में सर्च अभियान चलाने का आदेश दिया। इस संबंध में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। हत्याकांड का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की है। दूसरी ओर परिजनों ने प्रदीप कासनी गैंग पर षड्यंत्र के तहत मोहित की हत्या करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार मृतक मोहित पर बिहार में अवैध शराब की तस्करी का केस दर्ज था और बिहार पुलिस अक्तूबर 2021 में उसे गिरफ्तार करके ले गई थी। गत मई माह में वो जमानत पर बाहर आया था। सोमवार को वो गांव में अपने घर के बाहर खड़ा था और उसी दौरान एक बाइक पर सवार होकर तीन युवक वहां आए और उन्होंने मोहित पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब 15 राउंड फायर किए और मोहित को छह गोलियां लगी। सिर, मुंह और शरीर के अलग-अलग हिस्सों में गोली लगने से मोहित की मौके पर ही मोत हो गई।
वहीं मामले की सूचना मिलते ही एसपी दीपक गहलावत घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने बाढड़ा डीएसपी देशराज को तुरंत प्रभाव से मामले में कार्रवाई करने का आदेश दे दिया। एसपी का कहना है कि जल्द ही हत्यारों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हत्याकांड के पटाक्षेप की जिम्मेदारी एसपी ने बौंदकलां थाना पुलिस समेत सीआईए व स्पेशल स्टाफ टीम को दी है।
मृतक पर दर्ज हैं हरियाणा व राजस्थान में छह केस
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक मोहित पर भी छह आपराधिक केस दर्ज हैं। इनमें हत्या का केस भी शामिल है। मृतक पर दादरी जिले में तीन, भिवानी, रोहतक और जयपुर में एक-एक केस दर्ज है। इसके अलावा उस पर बिहार में भी केस दर्ज है।
जल्द ही पुलिस हत्याकांड को सुलझा लेगी। विभिन्न पहलुओं को जहन में रखते हुए मामले की जांच की जाएगी। इस संबंध में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
दीपक गहलावत, एसपी, चरखी दादरी