रावलधी-भिवानी लिंकमार्ग पर हुए हादसे में सिंचाई विभाग का चौकीदार हुआ घायल, पुलिस ने आरोपी चालक पर दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। रावलधी-भिवानी लिंकमार्ग पर दमकल विभाग कार्यालय के समीप एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रासीवास गांव निवासी बाइक चालक घायल हो गया। उसके बयान पर पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में रासीवास निवासी राजपाल ने बताया कि वह सिंचाई विभाग में चौकीदार है। वह अपनी ड्यूटी खत्म करके कार्यालय से घर जा रहा था। जब वह रावलधी-भिवानी लिंकमार्ग पर दमकल कार्यालय के पास पहुंचा तो एक पिकअप चालक ने उसकी बाइक को साइड मार दी।
हादसे में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई। वहीं, वह चोटिल हो गया और आरोपी चालक मौके से वाहन समेत भाग निकला। राहगीरों ने उपचार के लिए घायल राजपाल को अस्पताल पहुंचाया। उसके बयान पर पुलिस ने आरोपी चालक पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।