मांगों के लिए जनप्रतिनिधि के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपते सीटू कार्यकर्ता। स्रोत : विज्ञप्ति
- ज्ञापन के जरिये एसोसिएशन की लंबित मांगें पूराने की लगाई गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। भवन निर्माण कामगार यूनियन हरियाणा के आह्वान पर भ्रष्टाचार के नाम पर बंद किए गए कल्याण बोर्ड की सेवाएं शुरू करने, 90 दिन की तसदीक यूनियन के अधीन किए जाने व 26 हजार रुपये मासिक दिहाड़ी करने की मांग के लिए ज्ञापन सौंपा गया।
भवन निर्माण कामगार यूनियन के भिवानी व चरखी दादरी के प्रतिनिधिमंडल ने भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद धर्मबीर सिंह, राज्य सभा सदस्य किरण चौधरी, मंत्री श्रुति चौधरी व भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ के नाम ज्ञापन उनके पीए को सौंपे गए।
यूनियन जिला सचिव अनिल कुमार, दादरी जिला संयोजक सुमेर सिंह धारणी, रोशनलाल धारणी ने मजदूरों को संबोधित किया। जिला सचिव अनिल ने बताया कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के नाम पर 1996 में बने श्रम कल्याण बोर्ड को खत्म करना चाहती है। 2018 में बोर्ड को ऑनलाइन किया गया था। उस समय यूनियन नेताओं ने तर्क दिया था कि ऑनलाइन कामकाज से बोर्ड में भ्रष्टाचार बढ़ेगा।
सुमेर सिंह ने कहा कि सरकार ने निर्माण मजदूरों के बोर्ड को एक प्रयोगशाला में तब्दील कर दिया है। बोर्ड के पैसे का बड़े पैमाने पर राजनीतिक हितों को पूरा करने के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है। नये पंजीकरण नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 14 सितंबर को श्रम मंत्री के आवास अंबाला पर राज्यस्तरीय रोष प्रदर्शन होगा।