सर छोटूराम किसान भवन में आयोजित बैठक में शामिल भाकियू पदाधिकारी। स्रोत : स्वयं
संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। भाकियू घरेलू बिजली कनेक्शन की सिक्योरिटी राशि में बेतहाशा वृद्धि करने, बकाया मुआवजा न देने व कृषि क्षेत्र के ट्यूबवेल कनेक्शन जारी न करने में विरोध में 17 मार्च को झोझूकलां में किसान रोष-प्रदर्शन करेंगे।
किसान नेता हरपाल भांडवा ने कहा कि अकेले बाढड़ा उपमंडल के करोड़ों का बकाया मुआवजा बकाया है। ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए निर्धारित राशि जमा करवाने के बावजूद कोई कदम न उठाने पर सरकार के खिलाफ शंखनाद किया जाएगा।
किसान भवन में आयोजित भाकियू की बैठक को संबोधित करते हुए भाकियू अध्यक्ष हरपाल भांडवा ने कहा कि क्षेत्र के किसानों में रोष बना हुआ है। हरपाल ने आरोप लगाया कि कृषि व ग्रामीण क्षेत्र में बिजली पानी आपूर्ति न के बराबर होने से लोग परेशान हैं। उन्होंने किसानों से 17 मार्च को झोझूकलां में होने वाली बैठक में भागीदारी की अपील की।
बैठक में महासचिव ओमप्रकाश उमरवास, सतबीर सिंह बाढड़ा, इंद्रजीत सिंह डालावास, पूर्व सरपंच गिरधारी, वेदप्रकाश काकड़ौली, भूप सिंह दलाल, राम अवतार लाड, ऋषिराम भांडवा मौजूद रहे।