बाढड़ा किसान भवन में सोमवार को आयोजित बैठक में किसानों की समस्याओं पर किया गया मंथन
संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। भाकियू पदाधिकारियों ने बैठक आयोजित कर सरकार से लंबित बिजली ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करने की मांग की है। किसानों ने सरकार से खरीफ सीजन के दो हजार रुपये भरपाई राशि जारी करने की मांग की।
भाकियू प्रधान हरपाल भांडवा ने कहा कि क्षेत्र के किसानों का फसलों का करोड़ों का मुआवजा बकाया है। ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए किसान चक्कर काट रहे हैं। वहीं, प्राकृतिक आपदा से प्रभावित फसलों के मुआवजा वितरण में जानबूझ कर देरी बरती जा रही है। इससे किसानों के सामने खाद-बीज का संकट पैदा हो गया है। सरकार मौजूदा खरीफ सीजन के लिए प्रत्येक किसान को दो हजार रुपये देने की बात कही थी। वे अब तक नहीं मिले हैं।
विभाग एक तरफ तो किसानों को नए कनेक्शन देने के नाम पर बड़े दावे कर रहा है जबकि धरातल पर कुछ नहीं है। किसानों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए किसान छह करोड़ से अधिक की राशि बिजली विभाग को जमा करवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कृषि क्षेत्र के कल्याण के बजट में कमी कर पूंजीपति नीतियों को बढ़ावा दे रही है। हर घर तक स्वच्छ पेयजल व फसल सिंचाई का पानी पहुंचाने का दावा करने वाली सरकार धरातल पर विफल साबित हो रही है।
बैठक में महेंद्र सिंह जेवली, इंद्रजीत सिंह डालावास, वेदप्रकाश, कमल सिंह हड़ौदी, भूप सिंह दलाल, राम अवतार लाड, ऋषिराम भांडवा, सत्यप्रकाश, नवीन, ब्रहमपाल, रणधीर हुई, ओमप्रकाश उमरवास, ईश्वर सिंह, करतार सिंह, आनंद वालिया, रामप्रकाश आदि मौजूद रहे।
फोटो 24
किसान भवन में आयोजित बैठक में शामिल भाकियू पदाधिकारी। स्रोत : संगठन