चरखी दादरी। भाकियू प्रतिनिधिमंडल सदस्यों ने वीरवार को जिला उपायुक्त मुनीष कुमार से मुलाकात की और दादरी के कार्यवाहक तहसीलदार सज्जन कुमार पर दुर्व्यवहार और रिश्वतखोरी करने के आरोप लगाए। डीसी ने मौके पर नगराधीश जितेंद्र कुमार को जांच कराकर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एमएसपी किसान मोर्चा प्रदेश संयोजक जगबीर घसोला ने बताया कि बाढ़ड़ा तहसीलदार सज्जन कुमार को चरखी दादरी का एडिशनल चार्ज दिया गया। वह ईर्ष्यालु प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। कार्यालय में आने वाले लोगों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं। तहसील में छोटे कार्य के लिए आने वाले लोगों से अवैध वसूली कर रहे हैं। कार्यालय में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार फैला हुआ है।
भाकियू संगठन की ओर से तहसीलदार के खिलाफ मुख्यमंत्री व जिला उपायुक्त के नाम उन्होंने शिकायत सौंपी और कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर तहसीलदार पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो भाकियू संगठन कड़ा फैसला लेगा।
इस दौरान जिला मीडिया प्रभारी रविंद्र कुमार, सचिन कुमार, रामअवतार आर्य, कुलदीप, महताब सिंह, भूप सिंह, रिटायर्ड इंस्पेक्टर बलबीर सिंह, नवीन रामबास आदि मौजूद रहे। संवाद