चरखी दादरी। रेहड़ी खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में प्रवीन की हत्या करने के आरोपी सुरेंद्र ने पहले मृतक की मां के साथ भी मारपीट की थी। मारपीट के दौरान शोर सुनकर प्रवीन जब घर से बाहर निकला तो आरोपी सुरेंद्र की उसके साथ हाथापाई हो गई। इसी हाथापाई में सुरेंद्र ने प्रवीन के सिर पर डंडा मार दिया। जिससे प्रवीन की मौत हो गई। सिटी थाना पुलिस ने सिविल अस्पताल में वीरवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाया और उसकी मां के बयान पर आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया।
पुलिस को दिए बयान में सुमित्रा ने बताया कि उसके बेटे प्रवीन ने सिविल अस्पताल के साथ में ही चाय की दुकान की हुई थी। उनकी दुकान के सामने भैरवी निवासी सुरेंद्र सैनी बर्गर-चाऊमीन की रेहड़ी लगाता था। सुमित्रा ने बताया कि पांच दिसंबर की शाम जब वो मकान से बाहर निकली तो सुरेंद्र उससे गाली-गलौज करने लगा। सुमित्रा के अनुसार जब उसने विरोध किया तो सुरेंद्र ने उस पर हमला कर दिया।
महिला के अनुसार इसके बाद उसका बेटा प्रवीन शोर सुनकर बाहर निकला तो आरोपी उसके साथ भी झगड़ा करने लगा। झगड़ा बढ़ने पर सुरेंद्र ने उसके बेटे के सिर पर डंडे से वार कर दिया। सिर में लगी चोट के कारण उसके बेटे की मौत हो गई। महिला ने बताया कि उसके दूसरे बेटे मनोज ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचित किया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। वहीं, पुलिस ने वीरवार को शव का सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
- एफएसएल टीम ने लिया जायजा
वीरवार सुबह एफएसएल टीम भी सिविल अस्पताल पहुंची। टीम ने पहले शव की जांच की और इसके बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। एफएसएल टीम के मौके गा जायजा लेने के बाद शव का बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया।
इस संबंध में मृतक प्रवीन की मां सुमित्रा के बयान पर आरोपी सुरेंद्र के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
-राजकुमार, प्रभारी, सिटी थाना