बाल विवाह, घरेलू हिंसा और दहेज प्रथा के खिलाफ जागरूकता अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। बाल विवाह, घरेलू हिंसा और दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए प्रशासन के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ जागरूकता गतिविधियां आयोजित करें और संबंधित कानूनों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
उपायुक्त मनदीप कौर ने कहा है कि 21 दिसंबर तक चलाए जा रहे बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों और प्रमुख हितधारकों का आपसी समन्वय आवश्यक है। उन्होंने शिक्षा विभाग, बाल विवाह निषेध अधिकारियों तथा एमडीडी ऑफ इंडिया एनजीओ को निर्देश दिए कि जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में शपथ ग्रहण, जागरूकता रैलियों और पोस्टर मेकिंग जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाए ताकि विद्यार्थियों और युवाओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जा सके।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के प्रमुखों और विवाह संबंधी सेवाएं प्रदान करने वाले लोगों को भी इस अभियान से जोड़ा जाए। इनके सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा को जड़ से समाप्त करने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। अंतरराष्ट्रीय बाल, शीघ्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। इसके अलावा, 30 नवंबर से ग्राम पंचायतों और नगर निगम के वार्डों के माध्यम से सामुदायिक स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि गांवों और शहरी क्षेत्रों को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।
उपायुक्त ने दहेज निषेध अधिनियम और घरेलू हिंसा के प्रति भी नियमित रूप से जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए। सभी उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) दहेज निषेध अधिकारी के रूप में नामित हैं। इसलिए वे दहेज से संबंधित मामलों में पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा कानून के प्रावधानों का प्रभावी ढंग से पालन करवाएं।