चरखी दादरी। जिले के बच्चों को बाल भवन की सौगात देने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग की ओर से बाल भवन का निर्माण कराया जा रहा है जबकि महिला एवं बाल विकास कार्य की निगरानी कर रहा है। सीडीपीओ गीता सहारण की मानें तो करीब एक साल के अंदर बाल भवन बनकर तैयार हो जाएगा।
बता दें कि बाल भवन के निर्माण पर करीब साढ़े 12 करोड़ रुपये की लागत आएगी। करीब सात माह पहले सरकार ने बजट राशि स्वीकृत की थी और इसके तुरंत बाद विभाग की ओर से निविदा प्रक्रिया पूरी कर एजेंसी को कार्यादेश जारी किया गया था। सीडीपीओ गीता सहारण ने बताया कि एक साल से काम चल रहा है और अगले 12 माह के अंदर बाल भवन का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।
दरअसल, दादरी जिला बनने के बाद से ही बाल भवन की कमी खल रही है। सरकार के निर्देशों पर प्रशासन ने बाल भवन बनवाने का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेजा था। उसके बाद सरकार के निर्देशानुसार बाल भवन का निर्माण कराने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को दी गई। इसके बाद चरखी दरवाजा से सिविल अस्पताल के पीछे की तरफ वाले रास्ते पर जगह चिह्नित कर एजेंसी की मार्फत काम शुरू कराया गया।
भवन की कमी से प्रतिभाओं को निखारने में आ रहीं दिक्कतें
जिले में बाल भवन नहीं होने के कारण छोटे बच्चों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए निजी स्कूलों या अन्य भवनों का सहारा लेना पड़ता है। इस कमी को पूरा करने के लिए सरकार जिले में बाल भवन बनवा रही है।
इंडोर स्पर्धाओं के आयोजनों में मिलेगी मदद
जिले में होने वाली अनेक स्पर्धाओं के लिए कोई भी निश्चित स्थान नहीं है। इससे भाग लेने वाले प्रतिभागियों और अभिभावकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार तो प्रतियोगिता स्थल का पता नहीं होने से प्रतिभावान बच्चे अपना हुनर दिखाने से वंचित रह जाते हैं। बाल भवन का निर्माण होने के बाद इंडोर स्पर्धाओं के आयोजन में भी मदद मिलेगी।
तनाव व भय मुक्त होकर निखार सकेंगे अपनी प्रतिभा
आमतौर पर छोटे बच्चे अपने विचार व अन्य प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने में काफी तनाव व भय ग्रस्त हो जाते हैं। बाल भवन में हम उम्र बच्चों के साथ खेलते हुए वे अपने विचार व हुनर को आसानी से निखार सकेंगे। बाल भवन में बच्चे तनाव व भय मुक्त होकर अभ्यास कर सकेंगे।
करीब साढ़े 12 करोड़ रुपये की लागततो बाल भवन का निर्माण कराया जा रहा है। एक साल के अंदर निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। - गीता सहारण, सीडीपीओ, दादरी