मानसून सीजन में हुई बारिश से चलने लायक नहीं रहीं शहर की ज्यादातर सड़कें, आवागमन में वाहन चालक खा रहे हिचकोले
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। मानसून सीजन में हुई 250 एमएम बारिश ने शहर की सड़कों की हालत पतली कर दी है। ज्यादातर सड़कों पर गड्ढे बन चुके हैं। सड़कें बदहाल होने से शहरवासी बेहाल हैं। बेसब्री से सड़कों का पुनर्निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
शहर में इस समय शायद ही कोई सड़क ऐसी हो, जिसमें गड्ढे न बने हों। ज्यादातर सड़कों की स्थिति एक जैसी ही है। सड़कों के जवाब देने का मुख्य कारण बरसाती पानी और सीवर परियोजना के तहत की गई खोदाई है। ज्यादातर मुख्य सड़कों को जनस्वास्थ्य विभाग ने पाइपलाइन डालने के लिए खोदा था। उसके बाद मानसून में हुई बारिश ने इनकी हालत और खराब कर दी।
शुक्रवार को संवाददाता ने करीब तीन किलोमीटर लंबी चार सड़कों का जायजा लिया। इन पर 200 से अधिक गड्ढे मिले और कुछ जगहों पर गड्ढे इतने गहरे हैं कि दोपहिया वाहन चालक का गुजरना खतरे से खाली नहीं है।
किस सड़क के क्या बने हालात
- 300 मीटर लंबी सड़क पर 10 गड्ढे
शहर के भगवान परशुराम चौक से सरदार झाडू सिंह चौक तक जाने वाली सड़क पर 300 मीटर की दूरी में करीब 10 गड्ढे बने हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन पांच हजार से ज्यादा लोग गुजरते हैं। स्थानीय दुकानदार प्रकाश, रवि, मोहन, सुनील व मनोज ने बताया कि पिछले छह माह से सड़क की हालत ज्यादा खराब है। सड़क का पुनर्निर्माण करवाने के बजाय खोदे गए हिस्से में इंटरलॉक टाइलें बिछाई गई हैं।
2- एक किलोमीटर लंबे रोड पर जगह-जगह तारकोल परत ही गायब
बीचला बासा स्थित प्राचीन शिव मंदिर के सामने गामड़ी क्षेत्र से महेंद्रगढ़ रोड को मिलने वाली एक किलोमीटर लंबी सड़क की हालत दयनीय है। यहां 70 बड़े गड्ढे बने हैं जबकि कई जगहों पर तो 30 से 50 मीटर की दूरी में तारकोल की परत ही गायब है। इस मार्ग से प्रतिदिन दो हजार लोग गुजरते हैं। स्थानीय निवासी प्रदीप, सुनील, कर्मबीर आदि का कहना है कि लंबे समय से सड़क बदहाल है।
3- जवाब दे गई मुख्य बाजार की सड़क
शहर के मुख्य बाजार की सड़क को छह माह पहले पाइपलाइन डालने के लिए खोदा गया था। लाइन दबाने के बाद यहां इंटरलॉक टाइलें बिछा दी गईं। इसके बाद हुई बारिश से सड़क की दशा बिगड़ गई। लाला लाजपतराय चौक से लेकर वैश्य स्कूल तक 10 और काठमंडी मोड़ तक 27 गड्ढे बने हुए हैं। इस मार्ग से प्रतिदिन करीब आठ हजार से ज्यादा लोग गुजरते हैं।
4- लोहारू चौक रोड का भी हुआ बेड़ागर्क
शहर के लोहारू रोड पर बारिश के पानी की निकासी के पुख्ता प्रबंध नहीं हैं। शुरुआत से ही यहां बारिश का पानी भर रहा है। आलम यह है कि डिवाइडर से लेकर रोड का बेड़ागर्क है। प्रतिदिन यहां से गुजरने वाले 10 हजार से अधिक वाहन चालकों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है। करीब दो किलोमीटर लंबे रोड पर 40 से अधिक गड्ढे हैं। इससे राहगीर परेशान हैं।
वर्सन:
इस मौसम में सड़क पुनर्निर्माण संभव नहीं है। इसके चलते मरम्मत कार्य करवाकर गड्ढों को भरवा रहे हैं। मौसम अनुकूल होते ही जरूरत के अनुसार सड़कों का पुनर्निर्माण करवाया जाएगा।
-कृष्ण कुमार, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग
फोटो: 19
भगवान परशुराम चौक से सरदार झाडू सिंह चौक रोड के बीच बने गड्ढे। संवाद
फोटो: 20
गामडी क्षेत्र का महेंद्रगढ़ रोड से जुड़ाव करने वाली सड़क पर गायब तारकोल परत। संवाद
फोटो:21
शहर के मुख्य बाजार को जाने वाली सड़क पर बने गड्ढे। संवाद
फोटो: 22
लोहारू रोड पर हुए जलभराव के कारण टूटी सड़क। संवाद