फोटो 01
मृतक नवदीप। स्रोत : परिजन
फोटो 02
नवदीप के पोस्टमार्टम के लिए दादरी नागरिक अस्पताल में कागज तैयार करते जांच अधिकारी। संवाद
बलाली निवासी महवीर फोगाट के बड़े भाई रतन सिंह का बेटे थे पहलवान नवदीप
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। बलाली गांव की रहने वाली पहलवान बहनों गीता, बबीता और विनेश फोगाट के चचेरे भाई पहलवान नवदीप की शुक्रवार रात घसोला बस अड्डे के समीप सड़क हादसे में मौत हो गई। नवदीप (35) का पोस्टमार्टम शनिवार दोपहर कराया गया। नवदीप के छोटे भाई नरेश के बयान पर पुलिस ने अज्ञात चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नवदीप महावीर फोगाट के बड़े भाई रतन सिंह का बड़ा बेटा था।
पुलिस को दिए बयान में नरेश ने बताया कि वे दो भाई थे। बड़े भाई नवदीप राष्ट्रीय स्तर के पहलवान रह चुके थे। कुश्ती छोड़ने के बाद वह एक अकादमी में युवाओं को कुश्ती का प्रशिक्षण देते थे। शुक्रवार रात वह दादरी-महेंद्रगढ़ रोड से पैदल जा रहे थे। उसी दौरान जब घसोला बस अड्डा के समीप पहुंचे तो एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। रात करीब 10 बजे परिजनों को हादसे की सूचना मिली।
इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे तो पता चला कि गंभीर रूप से घायल नवदीप को दादरी नागरिक अस्पताल ले जाया गया है। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां चिकित्सकों ने नवदीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सदर थाना पुलिस टीम ने देर रात अस्पताल पहुंचकर नवदीप का शव कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया। शनिवार को कागजी कार्रवाई पूरी कर दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
- एक माह पहले बने थे बेटी के पिता
नरेश ने बताया कि एक माह पहले ही नवदीप बेटी के पिता बने थे। घर में बच्ची की किलकारी गूंजने से परिवार खुश था, लेकिन, एक माह बाद ही परिवार को ताउम्र याद रहने वाला दर्द मिल गया।