चरखी दादरी। दादरी जिला स्वास्थ्य विभाग की सतर्कता एवं जागरूकता अभियान का असर अक्तूबर 2025 महीने तक मिले डेंगू के मामलों के आंकड़ों में साफ नजर आ रहा है। विभाग की ओर से दिए गए आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष अक्तूबर महीने तक जिला में डेंगू के 214 मामले मिले थे, वहीं इस वर्ष यह संख्या घटकर 91 तक रह गई है।
विभाग की टीमें लगातार घर-घर पहुंच लार्वा की जांच कर उचित दिशा-निर्देश देने का काम कर रही है, वहीं स्कूलों व सार्वजनिक स्थानों पर भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू व मलेरिया के मरीजों की संख्या में कमी लाने के लिए लगातार जिले भर में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि विभाग की टीमों ने जिले भर में 19,58,202 घरों में मच्छरों के लार्वा की जांच की।
इस दौरान टीम को 6,286 घरों में मच्छरों का लार्वा मिला। टीम ने लार्वा मिलने पर संबंधित मकान मालिकों को डेंगू से बचाव के बारे में जानकारियां दी। साथ ही लोगों से सप्ताह में एक दिन ड्राई-डे मनाने का आह्वान किया गया, ताकि डेंगू लार्वा को पनपने से रोका जा सके।
इस दौरान टीमों ने घरों में रखे 38,73,278 कंटेनरों की जांच की, इनमें 6,897 कंटेनरों में लार्वा पाया गया। टीम ने लगातार लार्वा पाए जाने वाले 629 घरों को नोटिस भी थमाया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्ष 2024 में 1563 डेंगू संदिग्ध मरीजों की जांच की गई थी, इनमें 214 लोग पॉजिटिव पाए गए थे। वहीं, वर्ष 2025 अक्तूबर माह तक डेंगू लैब में 1600 मरीजों के नमूनों की जांच की गई है, जिनमें केवल 91 लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए।