दिव्यांजनों को ट्राईसाकिल वितरित करते हुए उपायुक्त व अन्य।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिला प्रशासन की ओर से मॉडल संस्कृति स्कूल परिसर में सहायक उपकरण वितरण समारोह आयोजित किया गया। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन को आसान करने के उद्देश्य से कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उपायुक्त मनदीप कौर ने पहले चरण में 163 दिव्यांगजनों को करीब 37 लाख रुपये के सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने कहा कि सरकार की पहल से दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
सहायक उपकरण उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ समाज में समान अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन हर साल एपीसीपीएल झज्जर और एलिम्को कंपनी के सहयोग से जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार उपकरण उपलब्ध करवाता है।
रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से आयोजित शिविरों में दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया था। इनमें से पहले चरण में 163 लाभार्थियों को उपकरण दिए गए हैं जबकि शेष जरूरतमंदों को दूसरे चरण में उपकरण वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के दैनिक कार्यों को आसान बनाने और उनके भीतर आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक हैं। सरकार और प्रशासन का प्रयास है कि जरूरतमंद लोगों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सुविधाएं मिलें, ताकि वे आत्मनिर्भर जीवन जी सकें। संवाद