चरखी दादरी। सीआईटीयू से संबंधित आशा वर्कर्स यूनियन हरियाणा की ऑनलाइन बैठक बुधवार को हुई। इसकी अध्यक्षता राज्य उपप्रधान कमलेश भैरवी ने की। उन्होंने सरकार से अपना वादा निभाने अपील की।
उन्होंने बताया कि सीआईटीयू के आह्वान पर 12 जनवरी को सभी जिलों में सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके माध्यम से सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई जाएगी। कमलेश भैरवी ने बताया कि 73 दिन के आंदोलन के बाद पिछले वर्ष 16 अक्तूबर को आशा वर्कर्स यूनियन के साथ मांगों के लिए समझौता हुआ था। तीन माह बाद सरकार आशा वर्कर्स के साथ हुए समझौते से मुकर रही है। इससे सभी आशा वर्कर्स में भारी रोष है।
यूनियन नेताओं ने 12 जनवरी तक मांग पूरी न होने पर 15 जनवरी से अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान राज्य उपप्रधान प्रवेश, जिला कोषाध्यक्ष राजकुमार धिकाड़ा, जिला सचिव सुमेर धारणी, जिला प्रधान प्रेमपति, सचिव अनिल, सपना, राजवंती, पिंकी, मुकेश, बबीता, कविता आदि मौजूद रहीं।