फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: हरियाणा में 10 साल तक कबड्डी लीग आयोजन को मिली मंजूरी

Tue, 31 Mar 2026 01:26 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
विज्ञापन
चरखी दादरी। शहर के तिकोना पार्क स्थित दलाल रेजिडेंसी एसोसिएशन कार्यालय में रविवार सांय एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के अध्यक्ष एवं हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में गवर्निंग बॉडी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में एसोसिएशन की गतिविधियों, भविष्य की योजनाओं एवं खेल विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई।
विज्ञापन

बैठक को संबोधित करते हुए एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि एक्सवियर ब्रेन ईडी टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड को हरियाणा प्रदेश में आगामी 10 वर्षों तक कबड्डी लीग आयोजित करने की आधिकारिक अनुमति प्रदान की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अवधि के दौरान एसोसिएशन द्वारा किसी अन्य संस्था या कंपनी को लीग आयोजन की अनुमति नहीं दी गई है।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने लीग के महत्व उसके प्रभाव और खिलाड़ियों को मिलने वाले अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से प्रदेश में कबड्डी को नई पहचान मिलेगी और युवाओं को अपने कौशल को निखारने का मंच प्राप्त होगा। इसके अतिरिक्त हरियाणा महिला कबड्डी लीग का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे महिला वर्ग को भी एक नया मंच प्राप्त होगा।
विज्ञापन

एसोसिएशन के सचिव नसीब जांघू की ओर से आगामी खेल कैलेंडर वर्ष 2026-27 को लेकर भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि जिला इकाइयों को निर्देशित किया गया है कि यदि वे राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन करना चाहती हैं जिन इकाइयों को राज्य प्रतियोगिताएं अलॉट हुई है वे प्रतियोगिता करवाने के लिए अपनी तैयारियों में जुट जाएं। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि एकेएफआई की ओर से राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए एनओसी जारी करने की अवधि एक अप्रैल 2026 से 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। उसी के अनुरूप खिलाड़ियों को राज्य एसोसिएशन के माध्यम से एनओसी जारी की जाएगी।
एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के चेयरमैन कुलदीप दलाल व अध्यक्ष कृष्ण लाल पंवार ने एसोसिएशन से संबंधित विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों की भी समीक्षा की। बैठक का समापन खेलों के समग्र विकास, पारदर्शिता और खिलाड़ियों के हितों को सर्वोपरि रखने के संकल्प के साथ किया गया। बैठक में अनिल राठी खजांची, विनोद, संगीता, श्वेता, विकास पहल, कुलदीप पहल सहसचिव, सुरेंद्र बलकरा, जितेंद्र आदि उपस्थित रहे।
बैठक के उपरांत एमेच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव जितेंद्र ठाकुर, बिहार कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह, उत्तराखंड कबड्डी महासंघ के महासचिव चेतन जोशी ने भी एसोसिएशन कार्यालय में शिरकत की, जहां एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें