चरखी दादरी। बेरोजगारी भत्ते के लिए 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बेरोजगारी भत्ता योजना के तहत मंडल रोजगार कार्यालय में पंजीकृत 12वीं, ग्रेजुएट, पोस्ट-ग्रेजुएट वो बेरोजगार प्रार्थी hrex.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।
उपायुक्त मुनीश शर्मा ने बताया कि आवेदक के पास संबंधित जिले का रिहायशी प्रमाण पत्र होना चाहिए और आवेदक का एक नवंबर 2024 को 3 वर्ष पुराना पंजीकरण होना चाहिए। यदि आवेदक ने अपनी शैक्षणिक योग्यता को अपडेट किया गया हो तो उसे 31 अक्तूबर 2024 को 3 वर्ष पूर्ण होने चाहिए। आवेदक की आयु 21 से 35 वर्ष होनी चाहिए। आवेदक के परिवार की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 3 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए।
आवेदक के रिहायशी व वाणिज्यिक संपत्ति की कीमत 10 लाख से अधिक न हो या कृषि भूमि 2 हेक्टेयर से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदक की योग्यता 12वीं या 10वीं के बाद दो वर्षीय कोर्स, स्नातक और स्नातकोत्तर पास होनी चाहिए। वर्तमान में प्रार्थी विद्यार्थी, प्रशिक्षणार्थी, अप्रेंटिस न हो। शादीशुदा महिला के केस में परिवार में उसके ससुराल का परिवार शामिल किया जाएगा न कि माता-पिता व भाई-बहन। आवेदक का बैंक में खाता होना अनिवार्य है।