चरखी दादरी। उच्च शिक्षण संस्थानों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। कॉलेजों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब विद्यार्थी 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मई निर्धारित की गई थी।
शिक्षा विभाग की ओर से आवेदन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्णय विद्यार्थियों की मांग और अपेक्षाकृत कम प्राप्त हुए आवेदनों को देखते हुए लिया गया है। जिले के सरकारी और सहायता प्राप्त कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की सीटों के मुकाबले अभी तक अपेक्षित संख्या में आवेदन प्राप्त नहीं हुए हैं। ऐसे में आवेदन तिथि बढ़ने से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को दाखिले का अवसर मिल सकेगा।
कई विद्यार्थी विभिन्न कारणों से निर्धारित समय तक आवेदन नहीं कर पाए थे। अब उन्हें अतिरिक्त समय मिलने से वे आसानी से प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। इसके लिए कॉलेजों में हेल्प डेस्क भी संचालित किए जा रहे हैं, जहां विद्यार्थियों को आवेदन संबंधी जानकारी और तकनीकी सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। शिक्षा अधिकारियों को उम्मीद है कि आवेदन तिथि बढ़ने के बाद दाखिलों की संख्या में बढ़ोतरी होगी और अधिक सीटों पर प्रवेश सुनिश्चित हो सकेगा। विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई
वर्जन:
उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से नोटिस जारी कर ऑनलाइन एडमिशन पोर्टल 15 जून तक खोल ला गया है। अब शेष विद्यार्थी भी दाखिले के लिए आवेदन कर सकते हैं।
- डॉ. नीरज गर्ग, नोडल अधिकारी,जनता कॉलेज