चरखी दादरी। जिला के 8 में से तीन कॉलेजों में ही आपत्ति संबंधी आवेदन आए हैं। इनमें किसी में जन्मतिथि तो किसी में नाम संबंधी गड़बड़ मिली। वहीं, अब तक संस्थानों में 2479 आवेदन पहुंचे हैं और इनमें से 9 आवेदन ही ऐसे मिले जिनके दस्तावेजों में ऑब्जेक्शन पाया गया। अब इन आवेदकों के पास ठीक कराने के लिए एक दिन का समय शेष है।
बता दें कि विभाग की ओर से 21 और 22 जून को आवेदन में पाई जाने वाली गड़बड़ ठीक कराने का मौका दिया गया। सभी कॉलेजों में दस्तावेजों की सत्यापन प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है और इनमें जिन दस्तावेजों में गड़बड़ मिली, उन आवेदकों को ठीक कराने के लिए कॉल की गई थी। डॉ. नीरज गर्ग ने बताया कि जनता कॉलेज में अब तक बीए संकाय में 508, बीएसी में 257 और बीकॉम में 84 व एक्चुरियल साइंस में 12 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें केवल 4 आवेदन में ऑब्जेक्शन मिला था और इनको दुरुस्त करवा दिया।
वहीं, एपीजे कन्या महाविद्यालय से सज्जन गुप्ता ने बताया कि बीए संकाय में 239, बीकॉम में 29 जबकि बीएससी में 53 आवेदन पहुंचे हैं। इनमें से केवल आवेदन में दिक्कत मिली और वह ठीक हो चुकी है। डॉ. मीनू ने बताया कि बौंदकलां राजकीय कॉलेज में अब तक 138 आवेदन आए हैं और इनमें से 4 के आवेदन में दिक्कत थी। इनमें से 3 ने ऑनलाइन ठीक करवा ली है जबकि एक आवेदक को जानकारी दी गई है।
वहीं, राजकीय पीजी कॉलेज, मांढी हरिया राजकीय कॉलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय बाढड़ा, कादमा स्थित राजकीय कॉलेज, झोझूकलां स्थित महिला महाविद्यालय में ऑब्जेक्शन वाले कोई आवेदन नहीं पहुंचे। इनमें भी सभी आवेदन सत्यापित हो चुके हैं। अब 25 जून को पहली मेरिट सूची आएगी और 30 जून तक आवेदक दाखिला ले सकते हैं। 2 जुलाई को दूसरी सूची जारी होगी और 7 जुलाई तक दाखिला प्रक्रिया चलेगी।