संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिला स्वास्थ्य विभाग ने एंटी रेबीज वैक्सीन की करीब 3,000 और एंटी स्नेक वेनम की 400 वायल खरीदी है। वैक्सीन की खेप पहुंचते ही वैक्सीन केंद्र से सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भेजी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मानें तो वैक्सीन की पहली खेप पहुंच चुकी है।
एंटी रेबीज वैक्सीन का स्टॉक खत्म होने के चलते कई बार मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्हें प्राइवेट अस्पतालों में जाकर या फिर मेडिकल स्टोर से खरीदकर वैक्सीन की डोज लगवानी पड़ती है। इससे मरीजों को जेब भी ढीली करनी पड़ती है। मरीजों को इस बार ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े, इसके मद्देनजर जिला स्वास्थ्य विभाग ने समय रहते एंटी रेबीज वैक्सीन खरीदी है। 3,000 वायल की डिमांड विभाग की ओर से दी गई है। खास बात यह है कि इस बार मल्टीडोज के साथ सिंगल वायल भी खरीदी गई है। ताकि, एक मरीज आने पर वायल की अन्य डोज खराब न जाए। डिप्टी सीएमओ डॉ. गौरव भारद्वाज ने बताया कि एंटी रेबीज वैक्सीन का अब पर्याप्त स्टॉक है।