चरखी दादरी। शहर के वाल्मीकि नगर में दो गुटों के बीच चल रही खूनी रंजिश थमने का नाम नहीं ले रही। शनिवार रात इस रंजिश में 15 माह के अंदर तीसरी जान गई। छुरियों से हमले में घायल साढ़े 17 वर्षीय अनिकेत ने 16 दिन बाद शनिवार को पीजीआई रोहतक में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
अनिकेत पर एक अगस्त को अपनी मां लता को दवा दिलाने के लिए जाते समय हमला किया गया था। मृतक के पिता के बयान पर पुलिस ने 7 आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज किया है। इस मामले में दादरी सीआईए ने वाल्मीकि बस्ती निवासी सुंदर और अजय झज्जरी और कबीर नगर निवासी सुधांशु को गिरफ्तार किया है। कड़ी सुरक्षा के बीच पहुंचे हत्या के मामले में भिवानी जेल में बंद मृतक के बड़े भाई प्रशांत ने अनिकेत के शव को मुखाग्नि दी।
आकाश हत्याकांड के बाद से बढ़ी रंजिश
अनिकेत पर हुए हमले से पहले 20 जुलाई को वाल्मीकि बस्ती के समीप भी दो गुटों में खूनी संघर्ष हुआ था और उस दौरान कबीर बस्ती निवासी साहिल की डंडों से पीटकर हत्या की गई थी। इससे पहले मई 2024 में दोस्तों संग होटल में पार्टी कर रही सैनीपुरा निवासी आकाश की डंडों से पीटकर हत्या की गई थी। आकाश हत्याकांड के बाद से दोनों पक्षों में रंजिश और बढ़ गई।
अनिकेत हत्याकांड में तीन आरोपियों को दबोच लिया है। वाल्मीकि बस्ती में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी गई है। अन्य आरोपी भी जल्द गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
योगेश कुमार, प्रवक्ता, चरखी दादरी पुलिस