दादरी लोहारू रोड पर अवैध कॉलोनी में की गई कार्रवाई।
चरखी दादरी। जिले में कई जगहों पर अवैध काॅलोनियां विकसित की जा रही हैं। अब जिला नगर योजनाकार विभाग ने अवैध काॅलोनियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बुधवार को दादरी-लोहारू रोड पर लगभग 4 एकड़ में काटी अवैध कॉलोनी में विभागीय टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट विष्णुभगवान की मौजूदगी में 5 डीपीसी (डिवाइडर प्लेट कंक्रीट) व कच्चे रास्तों को उखाड़ा। इस दाैरान सदर थाने से एएसआई नवनीत के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा।
जिला नगर योजनाकार विभाग ने जनता से अपील की है कि वे अवैध कॉलोनियों में प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में आकर प्लॉट न खरीदें। साथ ही, अनुसूचित सड़कों व बाईपास की वर्जित पट्टी में किसी भी तरह का निर्माण न करें। नियंत्रित क्षेत्रों में निर्माण से पहले विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। जानकारी के लिए नागरिक जिला नगर योजनाकार कार्यालय, चरखी दादरी से संपर्क कर सकते हैं।