फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: जनस्वास्थ्य विभाग पर दो करोड़ की मिट्टी बेचने का आरोप, जांच करने पहुंचे एसई

Fri, 31 Jan 2025 11:25 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
चंपापुरी जलघर परिसर में निर्माणाधीन पानी भंडारण टैंक की साइट का जायजा लेते एसई दलबीर सिंह दलाल
विज्ञापन
अमर उजाला एक्सकलूसिव::
विज्ञापन


- चंपापुरी जलघर में निर्माणाधीन टैंक की खोदाई से निकली मिट्टी का नियमानुसार निस्तारण न करने का आरोप, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को 12 नवंबर 2024 को भेजी गई थी शिकायत
- आरोप : टैंक खोदाई से निकली मिट्टी का निस्तारण करने के बजाय भू-मालिकों को बेचा
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार पर करीब ढाई माह पहले चंपापुरी जलघर की मिट्टी बेचने का आरोप लगा था। शिकायतकर्ता ने बेची गई मिट्टी की कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई थी।
विज्ञापन

शुक्रवार को मामले की जांच के लिए जनस्वास्थ्य विभाग के एसई दलबीर सिंह दलाल दादरी पहुंचे। उन्होंने साइट का निरीक्षण किया जबकि शिकायतकर्ता व ठेकेदार समेत अधिकारियों से बातचीत भी की।
12 नवंबर 2024 को सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र जटासरा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को शिकायत भेजी थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि चंपापुरी जलघर की पेयजल भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए टैंक का निर्माण कराया जा रहा है। टैंक बनाने के लिए करीब 21 फीट गहराई तक खोदाई कर मिट्टी निकाली गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विभागीय अधिकारियों और ठेकेदार ने मिट्टी का नियमानुसार निस्तारण करने के बजाय भू-मालिकों को बेच दी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जिला खनन विभाग भी दो करोड़ की मिट्टी बेचने के खेल में शामिल हो सकता है। जलघर परिसर की मिट्टी का निस्तारण नियमानुसार न करने पर भी खनन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। जितेंद्र जटासरा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मुख्य सचिव को शिकायत भेजकर मामले की जांच कराने की मांग की थी।

- दोपहर बाद बुलाया शिकायतकर्ता
मामले की जांच के लिए एसई दलबीर सिंह दलाल के आने की सूचना शिकायतकर्ता जितेंद्र जटासरा को विभाग की ओर से शुक्रवार सुबह दी गई। वहीं, विभाग के एसई दोपहर को जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय पहुंचे। शिकायतकर्ता को बुलाया गया और बयान दर्ज किए गए। वहीं, ठेकेदार के भी एसई ने बयान लिए।

- साइट का किया निरीक्षण, रिकॉर्ड भी तलब
जनस्वास्थ्य विभाग के एसई दलबीर सिंह दलाल ने एक्सईएन सोहनलाल, जेई धीरेंद्र व ठेकेदार को साथ लेकर निर्माणाधीन पानी भंडारण टैंक वाली साइट का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों व ठेकेदार से बातचीत की। इतना ही नहीं, एसई ने परियोजना से जुड़ा रिकॉर्ड भी मांगा है, जिसमें मिट्टी की उठान और निस्तारण के बिंदु भी शामिल हैं।

- विभागीय कार्यालय में दिनभर रही चर्चा
दो करोड़ की मिट्टी बेचने की शिकायत होने की चर्चा शुक्रवार को दिनभर जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय में रही। सूत्रों की मानें तो एसई ने शिकायतकर्ता को मामले की निष्पक्ष और सटीक जांच करने का आश्वासन दिया है। वहीं, शिकायतकर्ता ने एसई दलबीर सिंह से दलाल से कहा कि उनकी शिकायत ही बयान है।
विज्ञापन



वर्सन:
एक शिकायत की जांच के लिए शुक्रवार को दादरी जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय पहुंचा हूं। शिकायतकर्ता के अलावा स्थानीय अधिकारियों व ठेकेदार के बयान दर्ज किए गए हैं। निष्पक्ष जांच कर जल्द रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी जाएगी।
-दलबीर सिंह दलाल, एसई, जनस्वास्थ्य विभाग

फोटो 30
चंपापुरी जलघर परिसर में निर्माणाधीन पानी भंडारण टैंक की साइट का जायजा लेते एसई दलबीर सिंह दलाल व साथ में एक्सईएन सोहनलाल व अन्य अधिकारी। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें