चरखी दादरी। अखिल भारतीय सिविल सेवा टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 16 जनवरी 2026 तक सेक्टर-23, चंडीगढ़ के टेबल टेनिस सभागार में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए हरियाणा की महिला और पुरुष वर्ग की टीमों के चयन के लिए ट्रायल पांच जनवरी को करनाल में आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त डाॅ. मुनीश नागपाल ने जिले के पात्र सभी सरकारी अधिकारियों से निर्धारित तिथि पर ट्रायल में भाग लेकर जिला एवं राज्य का प्रतिनिधित्व करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि ट्रायल एवं प्रतियोगिता में भाग लेने और आने-जाने का व्यय संबंधित खिलाड़ी का विभाग वहन करेगा। डीसी ने बताया कि ट्रायल देने वाले को अपने विभागाध्यक्ष से यह प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा कि वह संबंधित विभाग का नियमित अधिकारी है।
साथ ही केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं खेल बोर्ड की हिदायतों के अनुसार रक्षा सेवाओं, अर्धसैनिक बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों के वर्दीधारी कर्मी, स्वायत्त निकायों के कर्मचारी, दैनिक वेतनभोगी, अस्थायी कर्मचारी और वे नवनियुक्त कर्मचारी जिन्होंने सेवा में छह माह से कम अवधि पूरी की हो, इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे। उपायुक्त ने संबंधित विभागाध्यक्षों से भी अपेक्षा की कि वे पात्र कर्मचारियों को समय रहते आवश्यक प्रमाणपत्र उपलब्ध कराकर सहभागिता सुनिश्चित करें।