बाढड़ा। जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने सोमवार को बाढड़ा पार्टी कार्यालय में जजपा पदाधिकारियों के साथ जिलास्तरीय बैठक की।
बैठक को संबोधित करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि आगामी 13 मार्च को हांसी में जजपा डॉ. अजय सिंह चौटाला का जन्मदिन युवा प्रेरणा दिवस के रूप में मनाएगी। इसके अलावा 23 फरवरी को दादरी में जजपा का युवा जिला योद्धा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि डॉ. अजय सिंह चौटाला ने जननायक चौधरी देवीलाल के कदमों पर चलते हुए अपने जीवन में युवाओं की भलाई के लिए अथक संघर्ष किया। वर्ष 2000 में प्रदेश में इनेलो की सरकार बनने पर उन्होंने युवाओं को सबसे ज्यादा नौकरियां दिलवाई। उन्होंने कहा कि 23 फरवरी को दादरी की जाट धर्मशाला में युवा जिला योद्धा सम्मेलन किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से दोनों कार्यक्रमों में सहभागिता करने की अपील की।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था की हालत खराब है। प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। किसानों की सुनवाई नहीं हो रही है। मांगें न माने जाने पर कर्मचारी आंदोलनरत हैं। उन्होंने कहा कि जजपा प्रदेश के लोगों के हितों के लिए भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रविंद्र सांगवान चरखी, जिला प्रभारी ऋषिपाल उमरवास, नरेश द्वारका, सज्जन बलाली, विजय श्योराण काकड़ोली, राकेश कलकल, राजेंद्र हूई, कैलाश पालड़ी, रामकुमार कादमा, दीपेश कारी, मनफूल शर्मा, लक्ष्मी बलौदा आदि भी मौजूद रहे।