जिले के 19 गांवों में कस्टम हायरिंग सेंटर किए गए हैं स्थापित, किसान पहुंचकर कर सकते हैं संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले के 19 गांवों में कृषि विभाग ने कस्टम हायरिंग केंद्र स्थापित किए हैं, जिनके पास विभिन्न प्रकार की मशीनें उपलब्ध हैं। वे पराली प्रबंधन करने में सक्षम हैं। ये कस्टम हायरिंग सेंटर किराये पर किसानों को ट्रैक्टर व मशीन उपलब्ध करवाएंगे। ताकि, कोई भी किसान पराली न जलाए।
कृषि विभाग के उपनिदेशक जितेंद्र अहलावत ने बताया कि कृषि विभाग ने लोरवाडा, समसपुर अचीना, बीजना, भागवी व इमलोटा समेत 19 गांवों में कस्टम हायरिंग केंद्र स्थापित किए हैं। इन केंद्रों से विभिन्न प्रकार की मशीनें जैसे सुपरसीडर एमबी पलाउ, मल्चर, जीरो टिल आदि उपलब्ध करवाई जा रही हैं। आने वाले धान कटाई सीजन के बाद आगामी फसल की तैयारी के लिए किसान इन केंद्रों से ट्रैक्टर व मशीन किराये पर लेकर पराली प्रबंधन कर सकते हैं ।
- टीम ने किया निरीक्षण
कृषि विभाग के अधिकारी मनीष कुमार, विवेक बागला, नीतिका, प्रीतम कुमारी की टीम ने वीरवार को कस्टम हायरिंग केंद्रों का दौरा किया। टीम ने मशीनों की गुणवत्ता की जांच की और दुरुस्त रखने के लिए निर्देश दिए । मौके पर मौजूद सभी किसानों को पराली न जलाने के बारे में शपथ भी दिलाई।